National

पार्टी से ऊपर उठकर मुर्मू का समर्थन करने वाले सभी सांसदों, विधायकों को धन्यवाद: मोदी

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने वाले सांसदों और विधायकों का धन्यवाद किया है।श्री मोदी ने ट्विटर पर बयान में कहा,’मैं पार्टी की लाइन से ऊपर उठकर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले सभी सांसदों और विधायकों का धन्यवाद करना चाहूंगा। उनकी यह रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।’उल्लेखनीय है कि सीधे मुकाबले में श्रीमती मुर्मू ने विपक्ष के साझा उम्मीदवार पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा को भारी अंतर से हराया है।

कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी

राष्ट्रपति रामनाथ काेविंद ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए बधाई दी है।श्री कोविंद ने गुरूवार को राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना में श्रीमती मुर्मू के विजयी होने पर ट्वीट संदेश में कहा , “ श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को देश का 15 वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई । ”उल्लेखनीय है कि श्रीमती मुर्मू विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर राष्ट्रपति निर्वाचित हुई हैं।श्री कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

नायडू ने मुर्मू को दी शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को शुभकामनाएं दी हैं।श्री नायडू ने गुरुवार को यहां जारी एक संदेश में कहा कि राष्ट्र श्रीमती मुर्मू के यशस्वी सार्वजनिक जीवन के अनुभव, आपके निःस्वार्थ सेवाभाव तथा लोक कल्याण के विषयों की गहरी समझ, से लाभान्वित होगा।उन्होंने कहा, ” भारत के 15 वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचन पर, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को हार्दिक बधाई। एक सफल कार्यकाल के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।”

मोदी ने मुर्मू को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रपति पद के चुनाव में जीत हासिल करने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी थे।प्रधानमंत्री ने बाद में ट्वीट कर कहा कि श्रीमती द्रौपदी का जीवन, प्रारंभिक दिनों का उनका संघर्ष, उनकी गहन सेवाएं और उनकी उल्लेखनीय सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है। वह हमारे नागरिकों खासकर गरीबों, हाशिये पर जी रहे लोगों और दबे-कुचले लोगों के लिए आशा की किरण हैं।

प्रधानमंत्री ने अलग ट्वीट में कहा,’भारत ने आज नया इतिहास रचा है। ऐसे समय में जबकि 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, भारत की आदिवासी समुदाय की एक बेटी, जो देश के पूर्वी क्षेत्र में एक दूर-दराज के गांव में पैदा हुई, हमारी राष्ट्रपति चुनी गयी है। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को इस उपलब्धि के लिए बधाई।’श्री मोदी ने कहा, “श्रीमती मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रहीं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा। मुझे पक्का विश्वास है कि एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति के रूप में भारत का नेतृत्व करेंगी। वह भारत की विकास यात्रा को और सशक्त बनायेंगी। ”

राजनाथ, शाह ने मुर्मू के आवास पर जाकर दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है।श्री सिंह और श्री शाह ने श्रीमती मुर्मू के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी और इसे देश के लिए गौरवान्वित करने वाला पल बताया।श्री सिंह ने ट्वीट कर कहा, “ राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने के लिए श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई। वह गाँव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रही हैं। आज वह उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुँची हैं। यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत का प्रमाण है। ”

श्री शाह ने कहा, “ एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूँ। यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने और जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है।श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुँची हैं, वह हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है। इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस निःस्वार्थ भाव से खुद को देश और समाज की सेवा में समर्पित किया, वह सभी के लिए प्रेरणादायी है।”उल्लेखनीय है कि श्रीमती मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को पराजित कर जीत दर्ज की है।

सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए बधाई दी

राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को चुनाव में जीत के लिए बधाई दी है।राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना के तीसरे दौर के बाद श्रीमती मुर्मू ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है।श्री सिन्हा ने एक लिखित वक्तव्य में श्रीमती मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि समस्त देशवासियों के साथ वह भी श्रीमती मुर्मू को जीत की बधाई देते हैं।

राष्ट्रपति चुनाव में तीसरे दौर की मतगणना के बाद श्रीमती मुर्मू को कुल 3219 मतों में से 2161 मत मिले हैं जिन का मत मूल्य 577777 है जबकि श्री सिन्हा को 1058 मत मिले हैं जिनका मत मूल्य 261062 है।श्री सिन्हा ने कहा है कि वह अपने सिद्धांतों तथा विचारधारा की लड़ाई को जारी जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव का सबसे बड़ा फायदा यह रहा है कि विपक्ष एकजुट होकर एक मंच पर आया है।(वार्ता) :

Related Articles

Back to top button