‘कश्मीरियों का दिल जीतने में सफल रहा’: मोदी
मोदी ने श्रीनगर में युवा उद्यमियों के साथ की बातचीत
श्रीनगर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर की खूबसूरती की तारीफ करते हुए गुरुवार को कहा कि उनका मिशन कश्मीरियों का दिल जीतना था और उन्हें इन प्रयासों में सफलता मिली है।प्रधानमंत्री मोदी अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज कश्मीर के एक दिन के दौरे पर श्रीनगर पहुंचे। बख्शी स्टेडियम में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि वह जब भी कश्मीर आते हैं, उनकी प्राथमिकता यहां के लोगों का दिल और दिमाग जीतना रहती है।प्रधानमंत्री ने कहा, “आज, आपको बड़ी संख्या में देखने के बाद, मैं कह सकता हूं कि मैं कश्मीरी लोगों का दिल जीतने में सफल रहा हूं, लेकिन मैं यहीं नहीं रुकूंगा मेरे प्रयास और अधिक लोगों के दिल जीतने के लिए जारी रहेंगे।
https://www.youtube.com/watch?v=hp19QqroyhE
”उन्होंने कहा कि ‘पृथ्वी के स्वर्ग कश्मीर’पर कदम रखने के बाद जाे अहसास हुआ है उसको समझाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा , “धरती के स्वर्ग पर उतरने की भावना को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। खूबसूरत पहाड़ और उसकी आभा दिल को छू लेती है।”प्रधानमंत्री ने कहा कि अब जिस तरह का जम्मू-कश्मीर सामने आया है, वह पूरे देश में हर किसी नागरिक का सपना था। उन्होंने कहा, “सिर्फ आप ही नहीं बल्कि सभी 285 ब्लॉकों में एक लाख लोग मेरा भाषण सुन और देख रहे हैं।”श्री मोदी ने कहा कि आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा हुआ है और उनका बलिदान साकार हुआ है। उन्होंने कहा, “आज, मैं देख सकता हूँ कि मैं सभी चुनौतियों पर विजय पा सकता हूँ। आज, भारत के 140 करोड़ नागरिक विकसित जम्मू-कश्मीर को देखकर राहत की सांस ले रहे हैं।
”उन्होंने कहा, “कश्मीर के लोगों ने उन्हें जो प्यार दिया है, उसे लौटाने में वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। यह मोदी की गारंटी है।” उन्होंने इसे कश्मीरी में दोहराया, “मोदी सैंज गारंटी (मोदी की गारंटी)।”प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह हाल ही में जम्मू में थे जहां उन्होंने 3200 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आज वह 6400 करोड़ रुपये की कई विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए श्रीनगर में हैं। उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर भारत का मुकुट है और विकास की नई ऊंचाइयों को छूने की इसकी यात्रा को कोई नहीं रोक सकता। एक समय था जब विकासात्मक योजनाएं देश के बाकी हिस्सों में लागू की जाती थीं, लेकिन कश्मीर में लागू नहीं होती थी। समय ने करवट बदली है, आज मैंने इसी स्थान से पूरे देश के लिए योजनाओं का उद्घाटन किया है।

”श्री मोदी ने कांग्रेस और जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 से हमेशा इन पार्टियों को फायदा हुआ, आम लोगों को नहीं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद लोगों के सपने पूरे हो रहे हैं और नए अवसर उनके दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। कुछ राजनीतिक दलों ने अनुच्छेद 370 का इस्तेमाल अपने राजनीतिक फायदे के लिए किया, लेकिन वह अब खत्म हो गया है।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा निरस्त किए जाने के बाद पहली बार पश्चिमी पाकिस्तान के शरणार्थियों, वाल्मिकियों और वंचित लोगों को मतदान का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा, “ये सभी लोग पिछले 70 साल से अपने अधिकारों से वंचित थे और मतदान करने के अधिकार का इंतजार कर रहे हैं।
”प्रधानमंत्री ने केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों पर जे एंड के बैंक को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बैंक डूबने वाला था और लोगों को अपने जमा किए गए करोड़ों रुपए खोने का खतरा बना हुआ था। उन्होंने कहा, “हमने इस बैंक को जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। आज बैंक 1700 करोड़ रुपये का मुनाफा कमा रहा है। इस बैंक के शेयर की कीमत भी 140 रुपये हो गयी है। बैंक अब 2.25 लाख करोड़ रुपये कारोबार कर रहा है।”प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को विवाह आयोजनों के लिए सबसे अधिक अनुकूल स्थल के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मैं खुद इसके लिए अभियान चला रहा हूं और एक संदेश गया है कि जम्मू-कश्मीर में शादियां आयोजित करें और कुछ दिनों के लिए यहां रुकें ताकि स्थानीय लोगों को भी इसका फायदा हो सके।
”श्री मोदी ने कहा कि जी-20 के कार्यक्रम के आयोजन के बाद जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों की भारी आमद हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष केंद्र शासित प्रदेश में दो करोड़ से अधिक पर्यटक आए थे। उन्होंने कहा, “विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। पिछले साल अमरनाथ यात्रा में भी रिकॉर्ड तीर्थयात्रियों का आगमन हुआ था और जम्मू में वैष्णो देवी तीर्थस्थल पर श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि देखी गयी है।”प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग उनसे कहते हैं कि मोदी का कोई परिवार नहीं है, लेकिन वे नहीं जानते कि पूरा देश ‘मोदी का परिवार’ है। उन्होंने कहा, “आज जम्मू-कश्मीर के लोग मेरे विरोधियों को यह कहकर करारा जवाब दे रहे हैं कि वे मोदी का परिवार हैं।
” श्री मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे रमजान का महीना नजदीक आ रहा है, जम्मू-कश्मीर शांति और समृद्धि के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा, “अगले पांच वर्षों में जम्मू-कश्मीर में विकास की नयी बयार देखी जाएगी। जम्मू-कश्मीर की सफलता, शांति और समृद्धि को कोई नहीं रोक सकता।”
मोदी ने श्रीनगर में युवा उद्यमियों के साथ की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को यहां अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान कश्मीरी उद्यमियों से बातचीत की और उनकी सफलता की कहानियां सुनीं।दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के उद्यमी मधुमक्खी पालक नाजिम नज़ीर ने प्रधानमंत्री से बातचीत की। उद्यमी नजीर ने प्रधानमंत्री को बताया कि उसने छात्र के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी। नजीर ने प्रधानमंत्री को बताया कि कैसे उसने सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपना कारोबार बढ़ाया। उन्होंने शुरुआत में मधुमक्खी पालन के लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी पर 25 बक्से खरीदे।
उद्यमी नजीर ने अपने व्यवसाय की आर्थिक वृद्धि के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत पांच लाख रुपये का लाभ उठाकर धीरे-धीरे मधुमक्खी पालन के लिए 200 बक्से तक विस्तार किया। इसके बाद उसने अपने लिए एक ब्रांड बनाया और एक वेबसाइट बनाई। उसके बाद देश भर से लगभग 5000 किलोग्राम मूल्य के हजारों ऑर्डर मिले, जिससे उनका व्यवसाय लगभग 2000 मधुमक्खी पालन बक्सों तक बढ़ गया और क्षेत्र के लगभग 100 युवाओं उसने रोजगार दिया है।उन्होंने प्रधानमंत्री को 2023 में किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के बारे में भी बताया, जिससे उसे अपना व्यवसाय बढ़ाने में काफी मदद मिली है। उन्होंने डिजिटल इंडिया पहल शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया, जिसने देश में फिनटेक परिदृश्य को बदल कर रख दिया है।
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में एक मीठी क्रांति का मार्ग प्रशस्त करने में नजीर के प्रयास की सराहना की और उनकी सफलता पर उन्हें बधाई दी।व्यवसाय स्थापित करने के लिए सरकार से प्रारंभिक समर्थन प्राप्त करने के बारे में प्रधानमंत्री से बातचीत में नजीर ने कहा कि भले ही उन्हें शुरुआती कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उसकी परेशानियों का निवारण करने के लिए कृषि विभाग आगे आया और विभाग ने उसकी पूरी मदद की।प्रधानमंत्री ने कहा कि मधुमक्खी पालन का व्यवसाय एक बिल्कुल नया क्षेत्र है। उन्होंने इसके लाभों पर प्रकाश डाला और कहा कि मधुमक्खियाँ एक तरह से खेत मजदूरों की तरह काम करती हैं जो इसे फसलों के लिए फायदेमंद बनाती हैं।
प्रधानमंत्री ने नजीर को हिंदू कुश पहाड़ों के आसपास मध्य एशिया में उत्पादित शहद पर शोध करने का सुझाव दिया और उनसे बक्सों के चारों ओर विशिष्ट फूल उगाकर शहद का एक नया स्वाद तैयार करने पर भी विचार करने को कहा। उन्होंने उत्तराखंड में भी ऐसे ही सफल प्रयासों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया भर में उच्च मांग के कारण बबूल शहद की कीमत 400 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 1000 रुपये प्रति किलोग्राम होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।श्री मोदी ने विचार और दृष्टि की स्पष्टता और अपने व्यवसाय को आगे बढाने में नजीर के साहसिक कार्य की सराहना की और उनके माता-पिता को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि नाजिम देश के युवाओं को नयी दिशा भी दिखा रहे हैं और प्रेरणा स्रोत भी बन रहे हैं।
इसके अलावा श्रीनगर की एक युवा लड़की व बेकरी चलानेवाली एहतेशाम माजिद भट ने वस्तुतः प्रधानमंत्री को नवाचारों के बारे में जानकारी दी। उन्हें महिला कौशल विकास के लिए सरकारी पॉलिटेक्निक में ऊष्मायन केंद्र द्वारा मदद मिली थी। सरकारी एकल खिड़की प्रणाली (सिंगल विंडो सिस्टम) ने उसे और उसकी टीम को विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र हासिल करने में मदद की थी।प्रधानमंत्री ने एहतेशाम को बताया कि पिछले 10 वर्षों में सरकार करोड़ों युवाओं को उनके स्टार्टअप के सपने को साकार करने में हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। श्री मोदी ने अपने उद्यमशीलता उद्यमों में विभिन्न जिलों के अपने दोस्तों को शामिल करने के लिए उद्यमी एहतेशाम की प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारा प्रयास है कि हमारे युवाओं के विचार संसाधनों और वित्त की कमी से प्रभावित न हों। हमें उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। जम्मू-कश्मीर की ये बेटियां पूरे देश के युवाओं के लिए नई प्रेरणादायक मिसाल कायम कर रही हैं।”गांदेरबल की हमीदा बानो डेयरी व्यवसाय से जुड़ी हैं। हमीदा ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) का पूरा सहयोग मिला और उसने दुग्ध उत्पादों के लिए एक प्रसंस्करण इकाई खोली और अन्य महिलाओं को भी रोजगार दिया है। हमीदा ने प्रधानमंत्री को गुणवत्ता की जांच, पैकेजिंग और उत्पादों और मार्केटिंग के बारे में भी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री ने उनकी व्यावसायिक कुशलता के साथ-साथ पोषण के काम को आगे बढ़ाने के लिए भी उनकी सराहना की। उन्होंने गुणवत्ता का ध्यान रखने और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से अपना व्यवसाय करने के लिए भी उनकी सराहना की।
मोदी ने देश को दी 6400 करोड़ के समग्र कृषि विकास कार्यक्रम की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू- कश्मीर से धारा 370 को हटाये जाने के बाद श्रीनगर की पहली यात्रा के दौरान देश को 6400 करोड़ के समग्र कृषि विकास कार्यक्रम की सौगात दी ,साथ ही पर्यटन के क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।ये परियोजनाएँ स्वदेश दर्शन और प्रसाद योजना के तहत शुरू की गईं, जिनमें श्रीनगर के ‘हज़रतबल तीर्थ के एकीकृत विकास’ की परियोजना भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने यहां बख्शी स्टेडियम में एक जनसभा के दौरान इन सौगातों की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने ‘देखो अपना देश पीपल्स चॉइस टूरिस्ट डेस्टिनेशन पॉल’ और ‘चलो इंडिया ग्लोबल डायस्पोरा अभियान’ भी लॉन्च किया और चुनौती आधारित गंतव्य विकास (सीबीडीडी) योजना के तहत चयनित पर्यटन स्थलों की घोषणा की।इस दौरान श्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर के लगभग 1000 नए सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति आदेश भी वितरित किए। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत की, जिनमें उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाएं, लखपति दीदियां, किसान और उद्यमी आदि शामिल रहीं।(वार्ता)



