State

मोदी ने किया रेलवे के 16,369 करोड़ रु के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण

वडोदरा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की उपस्थिति में शनिवार को गुजरात में रेलवे के विभिन्न 16,369 करोड़ रुपए के 18 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण, शिलान्यास व भूमिपूजन किया।श्री मोदी ने इसके साथ ही आज मध्य गुजरात के पाँच ज़िलों में विभिन्न विभागों के रेलवे सहित कुल 21 हज़ार करोड़ रुपए के विकास प्रकल्पों का भी लोकार्पण, शिलान्यास तथा भूमिपूजन किया। उन्होंने महिला एवं बाल कल्याण विभाग की समन्वित बाल विकास योजना के अंतर्गत गर्भवतियों सहित सभी महिलाओं के पोषण पर ध्यान देकर उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा करने वाली राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री मातृ शक्ति योजना’ तथा आदिजाति क्षेत्रों में ‘पोषण सुधा योजना’ का भी शुभारंभ कराया।प्रधानमंत्री के करकमलों से इस नवीनतम् योजना के लाभार्थियों को पोषण किट का वितरण किया गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके घर की चाबी अर्पित की गई।

प्रधानमंत्री ने ‘गुजरात गौरव अभियान’ के इस कार्यक्रम के दौरान वडोदरा के निकट कुंढेला में स्थापित होने वाले गुजरात केन्द्रीय विश्वविद्यालय के नए परिसर (कैम्पस) का तथा वडोदरा में एनएआईआर कैम्पस में स्थापित होने वाले गति शक्ति विश्वविद्यालय भवन के निर्माण सहित विभिन्न रेल पथ निर्माण कार्यों का भी ई-शिलान्यास किया।उन्होंने 21 हज़ार करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास, भूमिपूजन तथा लोकार्पण करने के बाद उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, “आज का दिन मेरे लिए मातृवंदना का दिन है। सुबह मैंने जन्मदात्री माता का आशीर्वाद लेने के बाद पावागढ में जगद्जननी माँ महाकाली का आशीर्वाद लिया और अब यहाँ मुझे प्रचंड मातृ शक्ति का दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। मैंने महाकाली माताजी के समक्ष देश के सुख, शांति व समृद्धि के अतिरिक्त इस अमृतकाल में भारत के स्वर्णिम विकास के लिए प्रार्थना की है।”

उन्होंने कहा कि गुजरात को आज मिले 21 हज़ार करोड़ रुपए के विकास प्रकल्प ‘गुजरात के विकास से भारत के विकास’ की प्रतिबद्धता को बल प्रदान करेंगे। इतना ही नहीं, इन प्रकल्पों के चलते आवास, उच्च शिक्षा एवं रोड कनेक्टिविटी से गुजरात के औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार बढ़ेगा और ये प्रकल्प युवाओं के लिए अनेक प्रकार के स्वरोज़गार व रोज़गार के अवसर प्रदान करने वाले सिद्ध होंगे।श्री मोदी ने कहा कि गुजरात की महिलाओं के स्वस्थ मातृत्व एवं उनकी संतानों के स्वस्थ बचपन के लिए गुजरात सरकार ने 811 करोड़ रुपए की लागत वाली ‘मुख्यमंत्री मातृ शक्ति योजना’ क्रियान्वित की है। राज्य सरकार ने यह योजना लागू कर गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को उचित पोषण की उपलब्धता सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि ‘पोषण सुधा योजना’ का दायरा बढ़ा कर इसमें गुजरात के सभी 14 ज़िलों को शामिल कर लिया गया है। इस योजनांतर्गत गर्भवत महिलाओं को दोपहर का भोजन सरकार की ओर से दिया जाएगा, जो भावी पीढ़ी को सशक्त बनाएगा। इसके लिए गुजरात सरकार अभिनंदन की अधिकारी है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button