
वाशिंगटन : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और अमेरिका के बीच प्रौद्योगिकी सहयोग को प्रगाढ़ करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ भारत और अमेरिका की प्रमुख तकनीकी कंपनियों और स्टार्टअप के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) से मुलाकात की, जिसमें माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला, गूगल के सुंदर पिचाई, महिंद्रा ग्रुप के आनंद महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी शामिल थे।श्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि सामाजिक विकास के लिए तकनीक का उपयोग करना एक साझा लक्ष्य है जो दोनों देशों को जोड़ता है।
उन्होंने कहा, “आज व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति जो बाइडेन और मैंने तकनीक और नवाचार से जुड़े शीर्ष सीईओ से मुलाकात की, ताकि उन तरीकों का पता लगाया जा सके, जिनसे प्रौद्योगिकी भारत-अमेरिका संबंधों को बढ़ावा दे सकती है। सामाजिक विकास के लिए तकनीक का उपयोग करना एक सामान्य लक्ष्य है जो हमें जोड़ता है, हमारे लोगों के लिए एक उज्जवल भविष्य का वादा करता है।उन्होंने कहा, “एआई भविष्य है, चाहे वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हो या अमेरिका-भारत! जब हम सहयोग से काम करते हैं, तो हमारे राष्ट्र एक साथ मजबूत होते हैं, हमारा ग्रह बेहतर होता है।’
वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर कहा कि सीईओ ने दोनों देशों के बीच अत्याधुनिक तकनीक और अनुसंधान एवं विकास में संस्थागत सहयोग को गहरा करने के विशाल अवसरों और तरीकों पर चर्चा की।उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए भारत-अमेरिका के बीच तकनीकी सहयोग के दोहन की अपार क्षमता को रेखांकित किया।”(वार्ता)
गूगल भारत में दस और अमेजन 15 अरब डॉलर की निवेश में और वृद्धि करेगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमरीका की तीन बड़ी कंपनियों गूगल, अमेज़न और बोइंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से मुलाकात की। गूगल के सुंदर पिचाई ने श्री मोदी से कहा कि गूगल भारत में डिजीकरण कोष में 10 अरब डॉलर का निवेश कर रहा है। उन्होंने यह घोषणा भी की कि गूगल अपना वैश्विक फिनटेक ऑरपरेशन केंद्र गुजरात के गिफ्ट सिटी में खोलेगा। श्री पिचाई ने कहा कि डिजिटल इंडिया का प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण अन्य देशों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एंड्र्यू जेस्सी ने कहा कि उनकी कंपनी भारत के सबसे बड़े निवेशकों में से एक है और अमेजन भारत में पहले ही 11 अरब डॉलर का निवेश कर चुकी है। श्री जेस्सी ने कहा कि इस निवेश में 15 अरब डॉलर की और वृद्धि की जाएगी।बोइंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री डेविड कैलहून ने कहा कि श्री मोदी का भारत के विकास के प्रति जुनून सबसे महत्वपूर्ण बात है। उन्होंने कहा कि विमानन क्षेत्र में श्री मोदी की विशेष दिलचस्पी है। उन्होंने कहा कि तकनीक और प्रौद्योगिकी के साथ नेतृत्व की दूरदर्शिता किसी भी देश के लिए बेशकीमती होती है।(वीएनएस)
हैरिस, ब्लिंकन की मेजबानी में दोपहर भोज में शामिल हुए मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की मेजबानी में दोपहर भोज में शामिल हुए।श्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा , “ दोनों देशों के बीच सहयोग। अमेरिका विदेश विभाग में लंच में शामिल हुआ, जहां मुझे उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन तथा विभिन्न क्षेत्रों के कई अन्य प्रतिष्ठित लोगों के साथ बातचीत करने का अवसर मिला।”विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ट्वीट किया , “अमेरिकी विदेश विभाग में राजकीय भोज के लिए उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी की गयी।
”इस दौरान नेताओं के बीच चर्चा भारत- अमेरिका के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती तथा सहयोग को और मजबूत करने पर केंद्रित रही। नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।श्री ब्लिंकन ने ट्वीट में कहा “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राजकीय दोपहर के भोज की मेजबानी करके सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। भारत के साथ हमारा रिश्ता आपसी समझ पर आधारित है। परिवार और दोस्ती के मधुर बंधनों से समृद्ध है जो हमारे देशों को एक साथ जोड़ता है। यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शामिल हुए। साथ मिलकर, हम एक मजबूत अमेरिका-भारत साझेदारी का निर्माण करेंगे जो समृद्ध भविष्य के लिए हमारे लोगों की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाएगी।”(वार्ता)
भारत-अमेरिका के बीच रक्षा उत्पादन, प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सहयोग के कई करार



