International

मोदी मिस्र पहुंचे, राष्ट्रपति अल-सीसी से द्विपक्षीय विषयों पर करेंगे चर्चा

काहिरा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी विदेश यात्रा के दूसरे चरण में अमेरिका से शनिवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर मिस्र पहुंचे, जहां वह राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल-सीसी से द्विपक्षीय विषयों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।प्रधानमंत्री का वाशिंगटन से काहिरा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया, उन्होंने हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।श्री मोदी की यह मिस्र की पहली यात्रा है और वह 1997 के बाद पश्चिम एशियाई देश का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। श्री मोदी राष्ट्रपति अल-सीसी के निमंत्रण पर काहिरा आये हुए हैं। उनके स्वागत के लिए मुस्तफा कमाल मदबूली और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।राष्ट्रपति अल-सीसी इस वर्ष नयी दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि थे।

श्री माेदी श्री अल-सीसी से शनिवार को मिलेंगे और दोनों नेताओं के बीच दोनों प्रमुख देशों के बीच सामरिक संबंधों को नयी गति देने के संंबंध में व्यापक बातचीत होने की संभावना है। मिस्र एक समय भारत के साथ गुटनिरपेक्ष सम्मेलन आंदोलन के प्रमुख सदस्य देशों में शामिल था।श्री मोदी शनिवार को मिस्र के प्रधानमंत्री मदबूली के साथ गोलमेज बैठक करेंगे और आज ही वह भारतीय समुदाय के लोगों से मिलेंगे। उनका मिस्र के मुख्य इमाम डॉ शावकी इब्राहीम अब्दुल-करीम अल्लाम से मुलाकात का कार्यक्रम है। वह मिस्र के विभिन्न क्षेत्र के कुछ विद्वानों और विचारकों से भी मिलेंगे।

इस यात्रा के दौरान श्री मोदी हेलियोपाेलिस युद्ध स्मारक जाने वाले हैं। यह स्मारक प्रथम युद्ध के दौरान मिस्र के मोर्चें पर तत्कालीन ब्रिटिश सेना में कार्यरत 3799 वीरगति को प्राप्त भारतीय सैनिकों के सम्मान में राष्ट्रमंडल द्वारा स्थापित किया गया है। श्री मोदी ग्यारहवीं शताब्दी की प्रसिद्ध अल हकीम मस्जिद का भी भ्रमण करेंगे। इस मस्जिद का पुनरुद्धार दाऊदी बाेहरा समुदाय के सहयोग से किया गया है।श्री मोदी काहिरा प्रवास में वहां रह रहे भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button