“मिशन शक्ति” गोष्ठी के साथ विधायक ने महिला हेल्प डेस्क का किया शुभारंभ
नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन पर हुई चर्चा
दुद्धी,सोनभद्र – स्थानीय तहसील सभागार में सोमवार को क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो ने महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि श्री चेरो ने गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए महिला हेल्प डेस्क से सम्बंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन, नारी एक रूप अनेक समेत नारी सशक्तिकरण के तमाम उपायों पर प्रदेश की लोकप्रिय योगी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।इसमें महिलाओं को आगे बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की जरूरत है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं।उन्होंने महिलाओं से अपनी झिझक दूर कर, हमेशा आगे रहने का आह्वान किया।
महिला हेल्प डेस्क के आयोजन में वनवासी सेवा आश्रम की मुखिया शुभा बहन, डॉ अनिता शुक्ला अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत रेनुकूट, रीता रॉय जीजीआईसी दुद्धी, सरिता जायसवाल जीजीआईसी चपकी,डॉ बबिता गुप्ता एडवोकेट दुद्धी, हिमालिनी धीमान अध्यक्षा वाइफ एसोसिएशन एनटीपीसी बीजपुर, पुष्पा तिवारी स्वयं सहायता समूह हिंडाल्को, नाजरानी बानो प्रधानमंत्री पुरस्कार सम्मानित आजीविका मिशन दुद्धी, सोनी देवी खजूरी, जूही खान रिपोर्टर पिपरी समेत दर्जनों महिला वक्ताओं ने आज के दौर में हो रहे महिलाओं पर अत्याचार भ्रूण हत्या, गैंग रेप, दहेज प्रथा,घरेलू हिंसा पर विशेष रूप से अपना अपना पक्ष रखा और महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम दुद्धी रमेश कुमार ने प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित विभिन्न हेल्पलाइन से सम्बंधित जानकारियां दी। कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर शासन गंभीर है।पुलिस उपाधीक्षक राम आशीष यादव ने साइबर अपराध से महिलाओं से बचने एवं महिला सुरक्षा से सम्बंधित विभिन्न प्रकार की जानकारियां दी।कार्यक्रम के बीच बीच में बालिकाओं द्वारा सेल्फ डिफेंस समेत कई मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।जिसमें छोटी बच्ची वैशाली अग्रहरि ने वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी और महिलाओं में आत्मबल का संचार किया।सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग लेकर मनमोहक प्रस्तुति प्रदान की।अंत में अपने अपने क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाली दर्जनों महिलाओं व बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर विधायक द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ममता मौर्या, बसन्ती देवी सभासद पुष्पा देवी सभासद किरण मसीह, शिरीन मसीह, उमा गुप्ता शिक्षक सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महिला लेखपाल अंजना सिंह, शिक्षिका वंदना कुशवाहा ने किया।





