
विधायक ने गरीबों में बांटे 1550 मेडिकेटेड मच्छरदानी
दुद्धी विधानसभा के 5 गांव के ग्रामीणों में वितरित की गई मछरदानी
दुद्धी,सोनभद्र- स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत मेडिकेटेड मच्छरदानी वितरण का आयोजन मंगलवार को दुद्धी विकासखंड के ग्राम शाहपुर, खजुरी,निमियाडीह, बघाडू व रन्नूमें किया गया।वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक हरीराम चेरो रहे। इस दौरान गाँव के 1550 पात्र जरूरतमंदों को मेडिकेटिड मच्छरदानी वितरण किया गया।जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक श्री चेरो ने कहा कि इन दिनों मलेरिया के मच्छरों का प्रकोप ज्यादा रहता है। इसलिए सरकार की योजना के अंतर्गत मच्छरदानी वितरण किया जा रहा है ।यह मच्छरदानी आम मच्छरदानीयों की तरह नहीं है। यह सरकार द्वारा चलाई जा रही संचारी रोग योजना के तहत तमिलनाडु से बनकर आई है। इस मच्छरदानी की खास बात यह है कि इससे मच्छर टकराकर मर जाएगा ।जिससे मच्छरों की संख्या कम होगी औऱ ग्रामीण लोग मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचेंगे।
सरकार की अन्य योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि हमारा जिला व हमारा विधानसभा अति पिछड़ा है। पिछली सरकारों में यहां विजली,पानी एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाएं नही पहुँच पाती थी।लेकिन हमारी सरकार में ईमानदार अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों की मदद से लोगों तक हर सुविधाएं पहुचं रही है।
चिकित्साधिकारी डॉ गौरव सिंह ने लाभार्थियों से कहा कि इस पर दवा लगी हुई है। इसीलिए इसको छ: माह तक धोना नही है और इस बात का भी खास ख्याल रहे कि छोटे बच्चे इसके कपड़े को मुहं में न लें। ये बच्चों के लिये हानिकारक हो सकता है। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक गिरधारी लाल,प्रधान श्रवण कुमार, डीपीएम संदीप सिंह, शिक्षक जयंत त्रिपाठी, शकील अहमद,स्वाति निषाद, परमेश्वर आर्य,अरुण त्रिपाठी, मीरा रावत, अरुण ताड़े,राम लाल सहित सम्मानितजन व ग्रामीण मौजूद रहे।





