नवरात्र में वाराणसी में मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें रहेंगी बंद
चैत्र नवरात्र को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। नगर निगम सीमा के भीतर सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें नवरात्र के दौरान बंद रहेंगी। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और मार्ग प्रकाश को दुरुस्त रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
- महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बैठक; मंदिर मार्गों की मरम्मत, स्वच्छता, जलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
वाराणसी। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर शहर में धार्मिक वातावरण बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए नगर निगम वाराणसी ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानों को नवरात्र के दौरान पूर्णतः बंद रखने का निर्देश दिया गया है। इस निर्णय का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया गया है।
यह निर्णय सोमवार को सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में आगामी चैत्र नवरात्र पर्व की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नवरात्र के दौरान शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और धार्मिक वातावरण पूरी तरह बना रहे।
महापौर ने निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख देवी मंदिरों – जैसे दुर्गाकुंड मंदिर, लक्सा स्थित मां दुर्गा मंदिर, भेलूपुर, लहरतारा तथा अन्य देवी स्थलों – की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों का तत्काल निरीक्षण किया जाए। जहां भी सड़कों पर गड्ढे या खराबी हो, वहां तुरंत पैचवर्क और मरम्मत का कार्य कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी महापौर ने विशेष जोर दिया। उन्होंने नगर निगम के स्वच्छता विभाग को निर्देश दिया कि मंदिरों के आसपास और मुख्य मार्गों पर नियमित रूप से सफाई कराई जाए तथा सड़कों के किनारे चूने का छिड़काव कराया जाए। इससे स्वच्छता के साथ-साथ संक्रमण से बचाव में भी मदद मिलेगी।
बैठक में जलकल विभाग को भी सख्त निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि नवरात्र के दौरान शहर के किसी भी हिस्से में सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं ऐसी शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि पूरे पर्व के दौरान शहर में पेयजल की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे।
नगर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर आलोक विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महापौर ने निर्देश दिया कि मंदिरों को जोड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों, गलियों और चौराहों पर स्ट्रीट लाइट पूरी तरह चालू रहें। जहां लाइट खराब हैं, उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए ताकि रात्रि में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्र की तैयारियों को लेकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जलापूर्ति, सीवर, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था जैसे सभी कार्य समय से पूरे कर लिए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, पियूष नेहरा सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
वाराणसी में जारी हुई “शहनाई पत्रिका”,800 रिश्तों की जानकारी के साथ मध्यदेशिया समाज में बढ़ी उत्सुकता



