Varanasi

महापौर ने रखी 3.59 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला

वाराणसी में नगर निगम ने 3.59 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। नेवादा वार्ड में नई सीवर लाइन और लहरतारा क्षेत्र में नलकूप व पाइपलाइन कार्य शुरू हुआ। इन योजनाओं से जलभराव और पेयजल समस्या से जूझ रहे सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी। महापौर ने कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ सीवर और पेयजल समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने भेलूपुर और कैंट क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कुल 3.59 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से सैकड़ों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

भेलूपुर जोन के नेवादा वार्ड (वार्ड संख्या-26) स्थित इन्द्रा नगर कॉलोनी में लंबे समय से सीवर की गंभीर समस्या बनी हुई थी। जलभराव और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए महापौर ने यहां 915 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने के कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 230.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके पूरा होने के बाद क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को गंदगी व जलभराव से राहत मिलेगी।

वहीं, कैंट विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा वार्ड में भी पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। डीह बाबा मंदिर के समीप 75.74 लाख रुपये की लागत से नए मिनी नलकूप के अधिष्ठापन, अंतर्संयोजन और पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया। इसके अतिरिक्त, लहरतारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में 52.96 लाख रुपये की लागत से नलकूप के रिबोर और अंतर्संयोजन कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में पार्षद गरिमा सिंह, रविन्द्र सिंह, अतुल पांडेय, अजय बिंद, मदन मोहन तिवारी, संजू सरोज, प्रवीण राय, रविन्द्र सोनकर, नामित पार्षद मुन्ना सरोज, राजकुमार, कमलेश पाल सहित भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

महापौर ने रखी 3.59 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला

लिएंडर पेस, मिताली राज सहित दिग्गज हुए सम्मानित, यूपी को मिला ‘स्टेट ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button