Varanasi

सिगरा में सीएम ग्रिड्स योजना के कार्यों का महापौर ने किया निरीक्षण, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश

वाराणसी में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत चल रहे सड़क विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और गति पर संतोष जताते हुए कार्यदायी संस्था को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।

वाराणसी। शहर की सड़कों को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित फल मंडी के पास मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत निर्माणाधीन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कार्य की गति, गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर विस्तृत चर्चा की।

महापौर को अवगत कराया गया कि सीएम ग्रिड्स योजना के अंतर्गत सिगरा क्षेत्र में तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तथा घंटी मिल से सिगरा थाना तक सड़क कायाकल्प का कार्य तेजी से किया जा रहा है। तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक लगभग 610 मीटर लंबे मार्ग का पुनर्विकास 11.61 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह मार्ग सिगरा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में शामिल है, जहां प्रतिदिन भारी यातायात का दबाव रहता है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि इन सड़कों को केवल नई सतह देने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इन्हें आधुनिक शहरी सड़क मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। परियोजना में रोड रिसर्फेसिंग के साथ अंडरग्राउंड यूटिलिटी डक्ट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, केबल और पाइपलाइन के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे भविष्य में बार-बार खुदाई की समस्या से निजात मिल सकेगी।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि घंटी मिल से सिगरा थाना और सुंदरपुर मुख्य मार्ग से जुड़े हिस्सों पर कार्य लगभग 40 से 47 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। महापौर ने प्रगति पर संतोष जताते हुए कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को धूल, जाम और अव्यवस्था से शीघ्र राहत मिल सके।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सिगरा क्षेत्र में विकसित किया जा रहा यह मार्ग शहर के अन्य हिस्सों के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन और स्थानीय निवासियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। महापौर ने यह भी दोहराया कि नगर निगम का लक्ष्य वाराणसी को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सड़क नेटवर्क वाला शहर बनाना है, जिससे नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

बॉटलनेक से ब्रेक-थ्रू स्टेट तक, राज्यपाल ने दिखाई यूपी के विकास की तस्वीर

संवाद से समस्या के समाधान में विश्वास करती है सरकारः मुख्यमंत्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button