
महापौर ने लक्सा में ट्रांसजेंडर सुविधा युक्त आधुनिक शौचालय का किया लोकार्पण
वाराणसी नगर निगम ने लक्सा क्षेत्र में आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया, जिसमें ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष सुविधा बनाई गई है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इसे समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस पहल से स्वच्छता के साथ-साथ सभी वर्गों को सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य मजबूत होगा।
वाराणसी : नगर निगम द्वारा शहर के विकास और स्वच्छता अभियान को निरंतर गति दी जा रही है। इस क्रम में मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने लक्सा स्थित वार्ड (नंबर 10) में नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का भव्य लोकार्पण किया। इस नवनिर्मित शौचालय की सबसे बड़ी विशेषता ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए बनाया गया पृथक और विशेष शौचालय है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समावेशी विकास के विजन को धरातल पर उतारता है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने फीता काटकर इस आधुनिक केंद्र को जनता को समर्पित किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से काशी का कायाकल्प हो रहा है और आज समाज के हर वर्ग की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। लक्सा जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र में इस आधुनिक और समावेशी शौचालय के निर्माण से न केवल स्वच्छता के मानकों में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और विशेषकर ट्रांसजेंडरो को एक सम्मानजनक सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने नगर निगम की इस पहल को ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की दिशा में एक बड़ा और संवेदनशील कदम बताया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षद सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शाहजहांपुर में शहीदों की मूर्तियां खंडित, सीएम योगी सख्त, कंपनी ब्लैकलिस्ट


