फंदे से लटकी मिली विवाहिता, हत्या का आरोप
गोरखपुर : गुलरिहा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक विवाहिता का शव फंदे से संदिग्ध हालत में लटका हुआ मिला। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही बेटी पैदा होने का ताना मारने का भी आरोप है। दूसरी ओर एक भिखारी का शव पोखरे में तैरता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीपीगंज थाना क्षेत्र के बेलवार निवासी पूनम (26) पुत्री खेताउ का विवाह 26 अप्रैल, 2018 को गुलरिहा के जंगल डुमरी नंबर एक निवासी रामानंद के पुत्र विजय बेलदार से हुआ था। दोनों की एक डेढ़ साल की बेटी श्रृष्टि है। रविवार शाम पूनम का शव फंदे से कमरे में लटका मिला। मृतका पूनम के भाई दीपक कुमार का आरोप है कि उसकी बहन आत्महत्या नहीं की है बल्कि ससुराल वालों ने हत्या कर शव को लटका दिया। आरोप है कि फंदा लगाने की जानकारी ससुराल वालों ने नहीं दी। वे लोग फोन मिला रहे थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वे वहां पहुंचे थे। तब पता चला कि पूनम की लाश फंदे से लटकी मिली है।
मृतका के पिता ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही आरोप लगाया है कि बेटी पैदा होने पर ससुराल वाले ताना भी मारते थे। पूनम को ससुराल वाले एक प्राइवेट हास्पिटल ले गए थे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। उधर जब मायके वाले आए तो पुलिस को सूचना दिए। पुलिस से ससुराल वालों ने बताया कि खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद पूनम ने फंदा लगा लिया। वे लोग उसे उतार कर अस्पताल लाए जहां उसकी मौत हो गई। पूनम के पिता ने दामाद विजय, ससुर रामानंद, सास किरण, देवर अजय कुमार के खिलाफ तहरीर दी है।
पोखरे में तैरता मिला शव
गुलरिहा के भटहट कस्बे में एक तालाब में तैरता हुआ एक अधेड़ लाश पुलिस ने बरामद किया है। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी पहचान सूरज गुप्ता पुत्र पारस पडरौना कुशीनगर के रूप में हुई। वह कस्बे में झोपड़ी डालकर रहता था और भिक्षाटन कर अपना जीविकोपार्जन करता था।



