National

केरल में पहली बार खिला कमल

सिंधिया ने लगभग साढ़े पांच लाख मतों से कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र को हराया

तिरुवनंतपुरम : भारतीय जनता पार्टी ने 18वीं लोकसभा चुनाव में पहली बार केरल में कोई सफलता हासिल की है, जबकि कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक गठबंधन (यूडीएफ) ने राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व वाले वामपंथी लोकतांत्रिक गठबंधन पर काफी अंतर से बढ़त बनाये हुये हैं।भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी ने त्रिशूर लोकसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाकपा के वी.एस. सुनीलकुमार को 74686 मतों के अंतर से पराजित किया। श्री गोपी ने 412338 मत हासिल किये, जबकि श्री सुनीलकुमार को 337652 मत मिले।

केरल में कुल 20 संसदीय क्षेत्रों में से कांग्रेस को वायनाड सीट सहित नौ सीटों पर जीत मिल चुकी है, जबकि पांच सीटों पर उसके प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। माकपा को एक सीट, रेवोल्युशनरी सोशलिस्ट पार्टी को एक सीट मिली है।यूनियन मुस्लिम लीग दो सीटों पर आगे चल रही है, जबकि केरल कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है।कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने वायनाड सीट पर 364422 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 6.47 लाख मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा की एन्नी राजा को 2.83 लाख वोट प्राप्त हुये।

इस सीट पर चुनाव लड़ रहे भाजपा के के. सुरेंद्रन को 1.41 लाख वोट मिले। शशि थरुर ने भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को तिरुवनंतपुरम सीट पर 16 हजार 77 मतों से पराजित किया, जबकि कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल अल्पुझा सीट पर 63500 मतों से विजयी घोषित हुये।

सिंधिया ने लगभग साढ़े पांच लाख मतों से कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र को हराया

देश भर में चर्चाओं का केंद्र रही मध्यप्रदेश की गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लगभग साढ़े पांच लाख मतों से अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्याशी को पराजित कर इस सीट पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा है।निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार श्री सिंधिया को नौ लाख 23 हजार 302 मत प्राप्त हुए।वहीं कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र राव देशराज सिंह के खाते में तीन लाख 82 हजार 373 मत गए।

अलवर लोकसभा सीट से भाजपा के भूपेन्द्र यादव जीते

राजस्थान लोकसभा चुनाव में अलवर संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने करीब पचास हजार मतों से जीत दर्ज की है।श्री भूपेन्द्र यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के ललित यादव को 48 हजार 282 मतों से हराया। श्री भूपेन्द्र को छह लाख 31 हजार 992 मत मिले जबकि श्री ललित यादव को पांच लाख 83 हजार 710 वोट मिले। भाजपा ने यह सीट बरकरार रखी है।इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के फजल हुसैन को 19 हजार 287 , सर्व समाज पार्टी के प्रदीप कुमार को चार हजार 362 एवं निर्दलीय विवेक जैन को 2438 मत मिले जबकि पांच हजार 822 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।(वार्ता)

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button