भलुअनी में देर रात हादसा: तेज रफ्तार पिकअप दुकान में घुसी, दिव्यांग युवक घायल
देवरिया के भलुअनी कस्बे में सोमवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार पिकअप वाहन दुकान में घुस गया, जिससे रखवाली कर रहा दिव्यांग युवक मंजूर अंसारी घायल हो गया। टक्कर से दुकान का सामान क्षतिग्रस्त हुआ। चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया।
- ब्लॉक गेट के सामने घटना, चालक वाहन छोड़कर फरार; पुलिस ने जांच शुरू की
भलुअनी (देवरिया)। स्थानीय थानाक्षेत्र अंतर्गत कस्बा स्थित ब्लॉक गेट के सामने सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वाहन ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दुकान की रखवाली कर रहा एक दिव्यांग युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दुकान का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
दुकान में सो रहे युवक को कुचला
मिली जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी मंजूर अंसारी प्रतिदिन की तरह दुकान की रखवाली के लिए रात में दुकान के बाहर सो रहा था। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे दुकान में जा घुसी। वाहन की चपेट में आकर मंजूर अंसारी घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकान का कटरेन और चौकी टूट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों की मदद से पहुंची पुलिस
घटना के बाद घायल युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को सड़क किनारे हटवाया गया। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पीड़ित ने दी तहरीर
घायल दिव्यांग युवक मंजूर अंसारी ने थाने पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि यदि समय रहते लोग नहीं पहुंचते तो उसकी जान भी जा सकती थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कस्बे में तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
भलुअनी के वार्ड-9 को मिली बड़ी सौगात ,40 लाख की लागत से बन रहा आधुनिक पार्क
परिवार के बीच दान विलेख पर स्टाम्प शुल्क में राहत, अब व्यावसायिक व औद्योगिक संपत्तियां भी शामिल



