
कुशीनगर : उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के पडरौना शहर के जटहां रोड पर संचालित जीवनदीप चाइल्ड एंड मैटरनिटी सेंटर में अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही के कारण एक परिवार का बच्चा बदल जाने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने अस्पताल को सील करा दिया है।
मामला कोतवाली थानाक्षेत्र का है जहां कल देर रात एक परिवार ने अस्पताल प्रशासन पर बच्चा बदलने का आरोप लगाते हुए जबरदस्त हंगामा किया। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि रुपये लेकर उसे बेटे की जगह बेटी दे दी गई है। उसके बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। कोतवाली पुलिस लोगों को समझाने और मनाने के लिए जूझती रही। एसडीएम सदर और स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसीएमओए डिप्टी सीएमओ रात में पहुंचे और जांच.पड़ताल के बाद अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी रही। (वार्ता)



