Health

कोरौना- अब तक पांच लाख लोग ठीक हो कर घर पहुंचे

रिकवरी की दर लगभग 63 प्रतिशत हुई

कोविड-19 की रोकथाम और नियंत्रण के लिए भारत सरकार और राज्य सरकारों द्वारा वर्गीकृत, पूर्व-निर्धारित और समन्वित उपाय किए जा रहे हैं। कोविड-19 मामलों में कंटेनमेंट क्षेत्रों, सर्विलांस गतिविधियों, सही समय पर डायग्नोसिस और नैदानिक प्रबंधन के प्रभावी कार्यान्वयन के कारण, आज कोविड-19 रोगियों के ठीक होने का आंकड़ा 5 लाख से अधिक हो गया। अब तक कोविड-19 के 5,15,385 रोगी ठीक हो चुके है और उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है। कोविड-19 के ठीक हुए मामलों की संख्या, सक्रिय मामलों की संख्या से 2,31,978 अधिक हुई।

इस बढ़ते हुए सकारात्मक अंतर के साथ, ठीक होने की दर में और ज्यादा सुधार हुआ है और यह 62.78 प्रतिशत तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान, कोविड-19 के 19,870 मरीज ठीक हो चुके हैं और उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है।  वर्तमान में कुल 2,83,407 सक्रिय मामले हैं और सभी गंभीर मामलों को केंद्र अथवा राज्य सरकार के अस्पतालों में चिकित्सा निगरानी में रखा गया है, जबकि पूर्व-लक्षण वाले रोगियों और मध्यम लक्षण वाले रोगियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।

हाल ही में किए गए नीतिगत बदलावों जैसे सभी पंजीकृत चिकित्सकों को कोविड-19 के लिए परीक्षण की सिफारिश करने और आरटी-पीसीआर के साथ-साथ रैपिड एंटीजन पॉइंट ऑफ केयर टेस्टिंग की शुरुआत की अनुमति प्रदान करने से, देश में कोविड​​-19 के परीक्षण में बहुत हद तक बढ़ोत्तरी हुई है। देश में आईसीएमआर के डायग्नोस्टिक नेटवर्क के अंतर्गत, सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के 1,180 प्रयोगशालाओं के माध्यम से अब तक 1,13,07,002 नमूनों की जांच की जा चुकी है। जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के प्रयोगशालाओं में सराहनीय वृद्धि हुई है और इसकी संख्या 841 हो गई है, वहीं निजी क्षेत्र के प्रयोगशालाओं की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई है और यह 339 हो गई है। प्रति दिन किए जा रहे परीक्षण में तीव्र गति से बढ़ोत्तरी हो रही है और कल 2,82,511 नमूनों का परिक्षण किया गया। वर्तमान समय में, देश में प्रति मिलियन जांच (टीपीएम) की दर 8,193 है।

कोविड​​-19 के लिए नैदानिक ​​प्रबंधन कार्यनीति के लिए देखभाल का मानक

कोविड​​-19 के उपचार की पद्धति काफी हद तक स्पर्शोन्मुख और सहायक देखभाल पर आधारित है, क्योंकि अभी तक इसका कोई इलाज नहीं है। शरीर में जल की आवश्यक मात्रा को बनाए रखना भी जरूरी है। लक्षणों की गंभीरता के आधार पर कोविड-19 को हल्का, मध्यम और गंभीर जैसे 3 समूहों में वर्गीकृत किया जा सकता है। 10.07.2020 को राज्यों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस और 10.07.202 को ‘राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों के उत्कृष्टता केंद्रों द्वारा कोविड मामले का उपचार’ विषय पर एक वर्चुअल बैठक में आईसीएमआर और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली ने इस बात पर जोर दिया कि इलाज के अभाव में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (एमओएचएफडब्ल्यू) के नैदानिक ​​प्रबंधन प्रोटोकॉल में वर्णित हल्के, मध्यम और गंभीर मामलों के लिए देखभाल उपचार का मानक सबसे प्रभावी होगा।

प्रोटोकॉल के अनुसार, मध्यम और गंभीर मामलों के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराना, उचित मात्रा में और समय से कौयगुलेंट रोधी देना और व्यापक रूप से उपलब्ध एवं सस्ती कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स को कोविड-19 चिकित्सा का मुख्य आधार माना जा सकता है। हल्के मामलों के लिए, जो कुल मामलों का लगभग 80 प्रतिशत है, हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन (एचसीक्यू) की सिफारिश की गई है। देखभाल उपचार की रणनीतियों के मानक ने सकारात्मक नतीजे दिए हैं।

कोविड-19 के लिए एक प्रभावी उपचार की खोज के परिणामस्वरूप कई दवाओं का पुन: उपयोग किया गया है जो मुख्य नैदानिक प्रबंधन प्रोटोकॉल का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन ‘जांच चिकित्सा’ के रूप में इनका संकेत दिया गया है। इन दवाओं का रोगी को इसके बारे में बतलाकर और उनके साथ साझा निर्णय के आधार पर रोगियों के विशिष्ट उप-समूहों में उपयोग किया जा सकता है। इन दवाओं को अब भी ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) की स्वीकृति नहीं मिली है और इन्हें केवल कोविड-19 के लिए प्रतिबंधित इमरजेंसी उपयोग के लिए अनुमति दी गई है। आईसीएमआर और एम्स ने राज्यों के साथ-साथ उत्कृष्टता केंद्र के रूप में नामित मेडिकल कॉलेज अस्पतालों को सावधान करते हुए याद उन्हें दिलाया कि इन दवाओं का अंधाधुंध उपयोग या इनका उन स्थितियों में उपयोग किया जाना जिसके लिए वे वांछनीय नहीं हैं, फायदे से अधिक नुकसान पहुंचा सकता हैं।

राज्यों को यह भी बताया गया कि रेमेडिसविर के लिए उपलब्ध साक्ष्य बताते हैं कि यह मध्यम से गंभीर मामलों में उपयोग किए जाने पर नैदानिक ​​सुधार के समय को कम कर सकता है। हालांकि, मृत्यु दर कम करने के संदर्भ में इससे कोई लाभ नहीं हुआ है। जिगर और गुर्दे को चोट पहुंचाने सहित शरीर पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालने की इसकी क्षमता के कारण इसका उपयोग अत्यधिक सावधानी के साथ किया जाना चाहिए। इसी तरह, टोसिलिज़ुमाब के लिए किए गए अध्ययन में इसका मृत्यु दर में कमी लाने में कोई लाभ नहीं दिखा है। हालांकि, गंभीर हालत में पहुंच चुके रोगियों के लिए इसका उपयोग किया जाना हो तो इसके लिए उसकी सूचित सहमति की आवश्यकता है। ‘साइकोटाइन स्टॉर्म’ में दवा का प्रभाव निर्देशित होने के कारण इसके बड़े पैमाने पर उपयोग को रोका जाना है।

सभी ‘जांच चिकित्सा’ केवल उचित स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं से युक्त अस्पतालों में ही की जानी चाहिए जहां रोगियों पर नजदीकी निगरानी रखना संभव है ताकि किसी भी संभावित जटिलताओं को दूर किया जा सके। आईसीएमआर ने दृढ़ता से सिफारिश की है कि नैदानिक ​​प्रबंधन का ध्यान ऑक्सीजन थेरेपी (उच्च प्रवाह नाक ऑक्सीजन सहित), स्टेरॉयड (जो व्यापक रूप से उपलब्ध और सस्ती है), उचित मात्रा में और समय पर कौयगुलेंट रोधी देने और रोगियों तथा उनके परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, पहले से मौजूद बीमारी का उपचार और लक्षणों के उपशमन सहित उच्च गुणवत्ता वाले सहायक देखभाल मापदंडों पर बने रहना चाहिए।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button