
कंधमाल मुठभेड़: एक करोड़ के इनामी गणेश उईके समेत 6 नक्सली ढेर, नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार
ओडिशा के कंधमाल जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। चाकापाड़ और बेलघर थाना क्षेत्र के गुम्मा जंगलों में हुई मुठभेड़ में नक्सल संगठन के सेंट्रल कमेटी मेंबर और एक करोड़ रुपये के इनामी गणेश उईके समेत छह नक्सली मारे गए। इस संयुक्त ऑपरेशन में ओडिशा पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, सीआरपीएफ और बीएसएफ की टीमें शामिल थीं। मुठभेड़ स्थल से एके-47 मैगजीन, रिवॉल्वर और .303 राइफल बरामद की गई। अधिकारियों के अनुसार इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।
- ओडिशा के गुम्मा जंगलों में SOG-CRPF-BSF का संयुक्त ऑपरेशन, महिला नक्सली भी मारी गईं
कंधमाल (ओडिशा) । ओडिशा के नक्सल प्रभावित कंधमाल जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सेंट्रल कमेटी मेंबर और एक करोड़ रुपये से अधिक के इनामी नक्सली गणेश उईके समेत कुल छह नक्सलियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ चाकापाड़ और बेलघर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुम्मा जंगलों में हुई, जहां लंबे समय से नक्सली गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हुई। इस संयुक्त अभियान में ओडिशा पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की टीमें शामिल थीं। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में घिरे नक्सलियों को आत्मसमर्पण का मौका दिया, लेकिन नक्सलियों की ओर से फायरिंग शुरू होने पर जवाबी कार्रवाई की गई।
मुठभेड़ में मारा गया गणेश उईके नक्सल संगठन की केंद्रीय समिति का सदस्य और प्रवक्ता था। उस पर एक करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था और वह ओडिशा नक्सली नेटवर्क में राज्य समिति का सचिव भी बताया जा रहा था। सुरक्षा बलों को उसके शव के पास से एके-47 की मैगजीन बरामद हुई है, जबकि अन्य नक्सलियों के पास से रिवॉल्वर और .303 राइफल भी मिली हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी इलाके में देर रात भी मुठभेड़ हुई, जिसमें दो और नक्सली मारे गए। ये दोनों छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा जिलों के निवासी थे। इस तरह 24 घंटे के भीतर कुल छह नक्सलियों को ढेर किया गया। मारे गए नक्सलियों में महिला नक्सलियों के शामिल होने की भी पुष्टि की गई है। पुलिस ने फिलहाल सभी छह नक्सलियों के शवों की तस्वीरें साझा की हैं।
छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा ने ‘वार्ता’ को बताया कि गणेश उईके की उम्र 69 वर्ष थी और वह छत्तीसगढ़ में भी लंबे समय तक नक्सलियों का प्रवक्ता रहा है। उन्होंने कहा कि गणेश का मारा जाना नक्सल संगठन के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि वह रणनीतिक और वैचारिक दोनों स्तरों पर अहम भूमिका निभा रहा था।
इस बीच, केंद्र सरकार ने भी इस ऑपरेशन को नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई बताया है। गृह मंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा गया कि नक्सल-मुक्त भारत की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। बयान में कहा गया कि इस बड़ी सफलता के साथ ओडिशा नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होने की कगार पर है और केंद्र सरकार 31 मार्च 2026 से पहले देश से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए संकल्पित है।
अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी भी संभावित नक्सली गतिविधि को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। सुरक्षा बल सतर्क हैं और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। (वार्ता)
राष्ट्र प्रेरणा स्थल विचार और सेवा का प्रतीकः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
लखनऊ में ‘विरासत पर गर्व’: राष्ट्र प्रेरणा स्थल से मोदी ने सराहा योगी का नेतृत्व



