
जेपी नड्डा ने परिवार समेत किया त्रिवेणी संगम में स्नान, सीएम योगी भी रहे संग
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगम में लगाई पावन डुबकी
- स्नानोपरांत सभी ने विधि-विधान के साथ की गंगा मइया की पूजा-अर्चना
- अरैल घाट पर सभी नेताओं ने साइबेरियन पक्षियों को खिलाया दाना
- अक्षयवट का किया दर्शन, बड़े हनुमान मंदिर में विधि विधान से की पूजा-अर्चना
महाकुम्भ नगर । पवित्र त्रिवेणी संगम में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सपरिवार आस्था की डुबकी लगाई। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और सतुआ बाबा संग भी संगम स्नान किया। वहीं नड्डा परिवार ने गंगा मइया को चुनरी अर्पित करके लोककल्याण की कामना भी की।
जेपी नड्डा परिवार समेत शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। यहां महाकुम्भ नगर के त्रिवेणी संकुल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत सभी नेतागण अरैल घाट से फ्लोटिंग जेटी के जरिए संगम पहुंचे। यहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अपने परिवार के साथ साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले भाजपा नेताओं संग सामूहिक रूप से संगम स्नान किया, तदोपरांत पत्नी एवं परिजनों संग विधि-विधान से संगम में पावन डुबकी लगाई। इस दौरान संगम स्नान करने पहुंची जनता ने भी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जय श्रीराम और गंगा मइया की जय के जयघोष से अभिवावदन किया।
स्नानोपरांत नड्डा परिवार, सीएम योगी और बीजेपी के अन्य नेताओं ने विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता के कल्याण की कामना की। यहां से सभी नेतागण बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां लेटे हनुमान जी की साविधि पूजा-अर्चना की। वहीं इसके बाद सभी ने अक्षयवट के भी दर्शन-पूजन किये।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई ने महाकुम्भ को बताया शांति का संदेश
महाकुम्भ 2025 में राजनीतिक हस्तियों का आगमन लगातार जारी है। इसी क्रम में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने महाकुम्भ में शामिल होकर गंगा, यमुना और सरस्वती के पावन संगम में श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने इसे सभ्यता का प्रतीक और शांति का संदेशवाहक बताया।
हजारों वर्षों की सभ्यता का साक्षी है प्रयागराज
अन्नामलाई ने कहा, “यह एक अद्वितीय स्थान है, जहां हमारी सभ्यता हजारों वर्षों से चलती आ रही है। अब तक 60 करोड़ लोग यहां आ चुके हैं, पूरी तरह शांतिपूर्वक स्नान कर गंगा, यमुना और सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया है।”
महाकुम्भ से विश्व को मिलेगा शांति का संदेश
उन्होंने महाकुम्भ को केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि विश्व शांति का संदेशवाहक बताया। उन्होंने कहा, “जब ये 600 मिलियन लोग वापस अपने घर जाएंगे, तो वे शांति और प्रेम का संदेश लेकर जाएंगे। इससे उनके घर, समाज और देश बेहतर बनेंगे और अंततः पूरी मानवता महान बनेगी।”
राजनीतिक हस्तियों का महाकुम्भ में आना जारी
महाकुम्भ 2025 में अब तक कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां शामिल हो चुकी हैं। प्रयागराज में इस भव्य आयोजन के दौरान देश-विदेश के नेता, संत, विद्वान और भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित हो रहे हैं।
प्रयागराज से लेकर पूरे भारत तक फैलेगी आध्यात्मिक ऊर्जा
अन्नामलाई ने इस आध्यात्मिक अनुभव को सम्पूर्ण मानवता के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि महाकुम्भ का यह संदेश भारत के विभिन्न हिस्सों और दुनिया भर में गूंजेगा।
पुरातन मान्यताओं को पुनर्जीवित करने के लिए बधाई के पात्र हैं सीएम योगीः राजेंन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर
महाकुम्भ में अब तक 60 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने फहराई सनातन की धर्म ध्वजा