
कोरोना के बाद 28 से शुरू पहली “दक्षिण भारत दर्शन” ट्रेन में यात्रा जौनपुर से भी
रामेश्वरम सहित चार ज्योतिर्लिंग के दर्शन का पैकेज साढ़े 9 हजार में
जौनपुर। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) इसी माह से “दक्षिण भारत दर्शन” ट्रेन चलाने जा रहा है। ट्रेन 28 जनवरी को रवाना होगी। यह ट्रेन रामेश्वरम सहित चार ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी। साथ ही कांचीपुरम, कन्याकुमारी और रामेश्वरम जैसे तीर्थ स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से शुरू होकर देवरिया सदर, मऊ, वाराणसी, जौनपुर, फैज़ाबाद, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर और झांसी होते हुए दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों के लिए प्रस्थान करेगी। दर्शन के बाद ट्रेन वापस लखनऊ छह फरवरी को लौटेगी। इस ट्रेन में सफर करने की सुविधा जौनपुर से भी मिलेगी। साथ ही इस ट्रेन से वाराणसी, फैजाबाद, लखनऊ, गोरखपुर, देवरिया सदर, मऊ, बाराबंकी, कानपुर और झांसी से भी दक्षिण भारत का दर्शन किया जा सकेगा। ‘आईआरसीटीसी’ ने कोरोना पाबंदियों के बाद चल रही पहली दक्षिण भारत दर्शन ट्रेन की बुकिंग शुरू कर दी है। इस ट्रेन की यात्रा में 9 रात और 10 दिन का पैकेज होगा। स्लीपर बोगियों वाली इस ट्रेन में सफर के लिए श्रद्धालुओं को 9,450 रुपये देना होगा। इसके बदले आईआरसीटीसी ट्रेन में सफर के साथ स्थानीय भ्रमण, ठहरने के लिए लॉज के प्रबंध और तीनों समय के शाकाहारी भोजन की व्यवस्था करेगा।



