
‘योगी जी लायो एयरपोर्ट’ की गूंज के बीच जेवर बना उत्सव का केंद्र
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन ने उत्तर प्रदेश में विकास और जनभावनाओं का अनोखा संगम प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में यह आयोजन जनउत्सव में बदल गया। स्थानीय युवाओं, किसानों और व्यापारियों में रोजगार व निर्यात को लेकर उत्साह दिखा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनसमर्थन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। यह एयरपोर्ट यूपी के भविष्य, वैश्विक कनेक्टिविटी और आर्थिक प्रगति का प्रतीक बनकर उभरा है।
जेवर : गौतमबुद्ध नगर में जेवर अब सिर्फ जमीन नहीं, उत्तर प्रदेश के सपनों की उड़ान का प्रतीक बन गया है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण के उद्घाटन के साथ ही शनिवार को उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया। एयरपोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह से ही उत्साह व उम्मीद का मिला-जुला माहौल दिखाई दिया। जनसभा में आए हजारों लोग, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी ने इस पल को एक विराट राष्ट्रीय आयोजन का रूप दे दिया।
पीएम मोदी-सीएम योगी के पोस्टर लेकर पहुंचे लोग
जैसे ही पीएम मोदी के साथ सीएम योगी मंच पर पहुंचे, पूरा परिसर अपार जनसमूह की तालियों और नारों से गुंजायमान हो उठा। युवाओं व महिलाओं के हाथों में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों वाले पोस्टर लहरा रहे थे। भारी संख्या में लोग राष्ट्रीय ध्वज लेकर भी पहुंचे थे। पीएम और सीएम की तस्वीरों के कटआउट जनसभा को जीवंत बना रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर पंडाल में हजारों मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट मानो उत्तर प्रदेश के चमकते भविष्य की झलक दिखा रही थी।
सीएम योगी का जताया आभार
एयरपोर्ट परिसर में मौजूद लोगों के चेहरों पर भविष्य की उम्मीदें साफ झलक रही थीं। स्थानीय युवाओं के बीच रोजगार को लेकर जबरदस्त उत्साह था। जनसभा में उपस्थित स्थानीय निवासी आशीष भाटी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि एयरपोर्ट बनने से स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। एक दौर था, जब स्थानीय युवा रोजगार के लिए बाहर जाते थे, लेकिन अब दूसरे राज्यों के लोग भी यहां आकर नौकरी कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल के रहने वाले पप्पू देवनाथ एयरपोर्ट में प्लांट ऑपरेटर के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के लोग नौकरी की तलाश में पश्चिम बंगाल आते थे, लेकिन अब मैं वहां से नौकरी करने यूपी आया हूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नये कीर्तिमान बना रहा है।
किसान-व्यापारी भी उत्साहित
जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन जाने से किसानों व व्यापारियों को निर्यात और लॉजिस्टिक्स में नई संभावनाएं दिख रही हैं। जेवर निवासी किसान भरत सिंह ने बताया कि हम लोगों के उत्पादों को अब अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध हो सकेगा। हमारे उत्पाद काफी कम लागत में विदेश में निर्यात हो सकेंगे। हमारे स्थानीय व्यापारी भी एयरपोर्ट बनने से काफी उत्साहित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों व नौजवानों के लिए जितना करते हैं, सोचते हैं, उतना आज तक किसी ने नहीं सोचा था।
अब दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में कार्यरत डॉ. ललिता जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने से बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि पहले इन्हें फ्लाइट लेने के लिए दिल्ली जाना पड़ता था, जिसमें तीन से चार घंटे लग जाते थे लेकिन अब वो आधे से एक घंटे के अंदर यहीं से फ्लाइट पकड़ सकेंगी।
जेवर की गलियों में गूंजा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर लिखा गया गीत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का लोकार्पण और एमआरओ सुविधा का शिलान्यास उत्तर प्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय दर्ज कराने वाला क्षण बन गया। शनिवार को इस अवसर पर जहां एक ओर देशभर की निगाहें इस ऐतिहासिक परियोजना पर टिकी रहीं, वहीं दूसरी ओर जेवर की गलियों से लेकर जनसभा स्थल तक एक अलग ही माहौल देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर रचे गए गीतों की गूंज सुनाई दी, जिसने इस बड़े आयोजन को उत्सव में बदल दिया।
गलियों से मंच तक गूंजे सीएम योगी की तारीफ में गीत
शनिवार को जेवर क्षेत्र में हर गली नुक्कड़ पर एक खास गीत लोगों की जुबान पर था “योगी जी लायो जेवर में एयरपोर्ट”, यह गीत स्थानीय लोगों के बीच इस कदर लोकप्रिय रहा कि पूरे दिन वातावरण में उत्साह और गर्व का भाव बना रहा। उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान भी संगीत का यह रंग मंच तक पहुंचा। गायक हेमंत ब्रजवासी ने अपने प्रस्तुति से पूरे जनसभा स्थल को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके गीत के बोल कुछ इस तरह थे, “गोरखपुर की गलियों में योगी जी हैं डोले, बजा-बजाकर चुटकी सियाराम बोले, होठों पर इनके अफसाने हो गए, सियाराम तेरे नाम के दीवाने हो गए”… इस गीत को सुनकर उपस्थित लोग झूमते नजर आए। यह नजारा केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं था, बल्कि यह उस जनसमर्थन और जुड़ाव का प्रतीक था जो इस परियोजना के साथ लोगों ने महसूस किया।
जनउत्साह ने कार्यक्रम को बनाया यादगार
इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। जैसे ही मंच से एयरपोर्ट परियोजना और उसके महत्व का जिक्र हुआ, जनसभा स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 25 नवंबर 2021 को हुए शिलान्यास का उल्लेख करते ही लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह क्षण कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बन गया, जहां जनता ने जोरदार समर्थन जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस उपलब्धि को उत्तर प्रदेश और देश के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक पल बताया, जिससे माहौल और भी ऊर्जावान हो गया।
विकास और सांस्कृतिक उत्सव का संगम
इस पूरे आयोजन में विकास और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला। एक ओर जहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक स्तर की सुविधाओं की चर्चा हो रही थी, वहीं दूसरी ओर लोकगीत और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों ने इस कार्यक्रम को जनोत्सव का रूप दे दिया। स्थानीय लोगों के लिए यह केवल एक एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं था, बल्कि यह उनके क्षेत्र के विकास, पहचान और भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक बन गया।
सीएम योगी ने दिया पीएम मोदी को श्रेय
प्रधानमंत्री मोदी के ठीक बगल में बैठे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान कई बार उनसे बातचीत की। यह सिलसिला पूरे कार्यक्रम में चलता रहा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी की जमकर सराहना करते हुए 25 नवंबर 2021 को हुए शिलान्यास से लेकर शनिवार को लोकार्पण तक का श्रेय उन्हें दिया। इस पर जनसभा में जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी भी मंच से सीएम योगी का उत्साहवर्धन करते नजर आए। दोनों नेताओं की एक-दूसरे के प्रति इस भावना ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का लॉन्चपैड बनेगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्टः मुख्यमंत्री



