
2047 तक भारत को एक विकसित भारत में बदलना युवाओं की जिम्मेदारी: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नमो नवमतदाता सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम ( विडियो कांफ्रेंसिंग) से किया संबोधित.भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा महानगर व जिले में किया गया आयोजन.
वाराणसी : ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित ‘नमो नवमतदाता सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम (विडियो कांफ्रेंसिंग) से संबोधित किया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर के हजारों स्थानों से लाखों की संख्या में 18 से 23 वर्ष के युवा नव मतदाता जुड़े थे। इसी कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा वाराणसी महानगर एवं जिले द्वारा नव मतदाता सम्मेलन आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम के अन्तर्गत वाराणसी जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में कुल 14 जगहों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल उद्बोधन को सुना। जिसमें रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के भुल्लनपुर स्थित रामा गार्डेन में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। जिसके तहत वाराणसी महानगर में 14 स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल उद्बोधन सुना गया। जिसमें उत्तरी विधानसभा के बागेश्वरी मंडल में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, धुपचंडी मंडल में प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, दक्षिणी विधानसभा के दीनदयाल मंडल में शहर दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, कैंट विधानसभा के महामना में मंडल में विधायक सौरभ श्रीवास्तव, कैंट मंडल में महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
इसी तरह महानगर में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, राहुल सिंह, अभिषेक मिश्रा, आलोक श्रीवास्तव आदि प्रमुख रुप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने किया।
प्रधानमंत्री का उद्बोधन
नव मतदाताओं को उनकी अहम भूमिका के बारे में जागरूक करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उनका नाम ऐसे समय में मतदाता सूची में दर्ज हुआ है जब देश अपने अमृत काल से गुजर रहा है। उन्होंने युवाओं से कहा कि अगले 25 साल आप और भारत के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। आपको अगले 25 साल अपना और भारत का भविष्य तय करना है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को एक विकसित भारत में बदलना युवाओं की जिम्मेदारी है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज, यदि भारत ने व्यापक सुधार, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और एक मजबुत तथा लचीली अर्थव्यवस्था हासिल की है तो यह वोट की ताकत का परिणाम है। कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, जीएसटी का कार्यान्वयन, नारी शक्ति वंदन अधिनियम का पारित होना और बड़े पैमाने पर एफडीआई की आवक, यह सब स्थिर सरकार के कारण संभव हो सका है। कहा कि अब करप्शन के बजाय क्रेडिबिलिटी और घोटाले की बजाय अभुतपूर्व उपलब्धियों की बात होती है। भारतीय युवाओं के पास परंपरा और प्रतिभा के साथ साथ प्रेरणा और नवीनता भी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत के युवाओं को ये सुनिश्चित करना होगा कि शासन भ्रष्टाचार और वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने वाले राजनीतिक दलों के हाथों में न जाएं। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं को वोट देने की अपनी शक्ति का प्रयोग करना चाहिए। कहा कि नमो एप पर अपनी राय व्यक्त करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह युवा ही है जो अपनी जन-भागीदारी के माध्यम से न केवल भाजपा के चुनावी घोषणापत्र को आकार देंगें, बल्कि भारत की भविष्य की नीति को भी आकार देंगें।कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नमो नव मतदाता सम्मेलन को संबोधित किया।
आपका एक वोट स्थिर सरकार बनाकर दुनिया में भारत की साख बढ़ाएगा : मोदी
अयोध्या की तरह भव्य, नव्य और दिव्य बनेगी नाथ नगरी, सुशोभित होंगे चार नाथ द्वार
मोदी को चुनावी बिगुल फूंकने की जरूरत नहीं, मोदी विकास का बिगुल फूंकता है : प्रधानमंत्री
उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए सुपर बूस्टअप साबित होगा अयोध्या धाम और राम मंदिर



