NationalPolitics

चुनाव में मोदी को गाली देना और ईवीएम में कमियां निकालना कांग्रेस का काम: नरेन्द्र मोदी

अहमदाबाद । गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को चार जिलों में चुनावी सभा की। उन्होंने अपने धुआंधार प्रचार अभियान में कांग्रेस पर जमकर हमला किए। उन्होंने कहा कि मोदी को गाली देना और ईवीएम में कमियां निकालना कांग्रेस का काम है। उन्होंने साफ किया कि गुजरात में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बन रही है।

शुक्रवार को नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में बनासकांठा के कांकरेज, पाटण, आणंद के सोजित्रा और अहमदाबाद में चुनावी सभाएं की। पाटण में कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि उनके पास दो ही काम है, ईवीएम की खामियां निकालना और मोदी को गालियां देना। समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने के लिए भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में बात करते हुए मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ से लेकर सेना में बेटियों की भर्ती तक कई अभूतपूर्व फैसले लिए हैं।

पाटण क्षेत्र के बाजरा किसानों को इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स के माध्यम से बड़े पैमाने पर लाभ होने की बात कही। मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में पाटण-भीलडी लाइन और मोडासा कपड़वंज रेलवे लाइन के लिए आंदोलन चलता था। कांग्रेस वालों को आंदोलन की कोई चिंता ही नहीं रहती थी। आज भाजपा ने पाटण को जोधपुर से कनेक्ट कर दिया है।

सूर्यशक्ति का बड़ा केन्द्र है पाटण

पाटण देश में सूर्यशक्ति की बड़ी क्रांति का केन्द्र बन गया है। चाणस्का में देश का सबसे बड़ा सोलर प्लांट लगा है। आने वाले दिनों में पाटण ग्रीन हाइड्रोजन का मुख्यालय बनेगा। गाडिय़ां पेट्रोल से नहीं ग्रीन हाइड्रोजन से चलेंगी। मोदी ने जनसभा में पिछले 20 वर्ष में गुजरात में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हर परिवार, हर किसान सौर ऊर्जा से बिजली पैदा करे। सरकार इसके लिए सब्सिडी दे रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन में गुजरात की अन्टैप्ट क्षमता को विकसित किया जा रहा है और इससे युवाओं के लिए रोजगार पैदा होगा।

कांग्रेस की नीति फूट डालो की

आणंद जिले के सोजित्रा में मोदी ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस की फूट डालो की नीति के कारण गुजरात कमजोर हुआ। विकास के कई मामलों में राज्य पिछड़ने लगा था। इसका लाभ ऐसे लोगों ने उठाया जो राज्य की शांति-व्यवस्था के लिए बाधक थे। खंभात में अक्सर होने वाले सांप्रदायिक दंगों की उन्होंने चर्चा कर सवाल किया कि क्या इससे आणंद और खंभात बचता था। लोगों की एकता को तोड़ दिया गया था, लेकिन पिछले 25 साल से एकता के कारण भाजपा ने स्थिति बदली।

एक वोट से हारे थे सरदार पटेल

चुनाव में एक-एक वोट का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि सरदार पटेल अहमदाबाद म्यूनिसिपालिटी के प्रमुख बने थे, लेकिन एक बार वे एक वोट से चुनाव हार गए थे। फिर सभी को पछतावा हुआ कि वे वोट देने गए होते तो सरदार पटेल प्रमुख बनते। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी सरदार पटेल को अपना नहीं माना। कांग्रेस को सरदार पटेल से आपत्ति थी। देश की एकता से भी आपत्ति थी, क्योंकि उनकी राजनीति फूट डालो राज करो की थी। मोदी ने पावागढ़ मंदिर के विकास समेत अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

सीमावर्ती गांवों से पलायन रोकना लक्ष्य

बनासकांठा जिले के कांकरेज में नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा। दशकों तक गुजरात में विकास रोकने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक देश में, गुजरात में सरकारें चलाईं। कांग्रेस की एक पक्की पहचान रही है, अटकाना, लटकाना, भटकाना। कोई भी काम हो, कांग्रेस अपना स्वार्थ पहले देखती है, देश का हित बाद में। मोदी ने कहा कि कांग्रेस किसानों की समस्याओं को समझने में विफल रही। उसने कई सिंचाई परियोजनाओं को रोक दिया गया था, जो केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद ही पूरी हुईं।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: