वेनेजुएला संकट पर भारत की चिंता, शांतिपूर्ण संवाद की अपील; तेल समझौते का ऐलान
लक्ज़मबर्ग में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वेनेजुएला की स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि भारत का मुख्य फोकस वहां के लोगों के कल्याण और सुरक्षा पर है। उन्होंने सभी पक्षों से संवाद और शांतिपूर्ण समाधान अपनाने का आह्वान किया। लक्ज़मबर्ग के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री जेवियर बेटटेल से बातचीत में जयशंकर ने भारत–वेनेजुएला के दीर्घकालिक संबंधों का उल्लेख किया। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला से तेल आपूर्ति की योजना का ऐलान किया। भारत ने भारतीय नागरिकों के लिए यात्रा परामर्श जारी कर गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी।
- एस. जयशंकर ने नागरिकों की सुरक्षा पर जोर दिया, ट्रंप ने वेनेजुएला तेल योजना की घोषणा की
लक्जमबर्ग : विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वेनेजुएला के हालिया घटनाक्रम पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि भारत का मुख्य ध्यान वेनेजुएला के लोगों के कल्याण और उनकी सुरक्षा पर केंद्रित है।उन्होंने सभी पक्षों और संबंधित हितधारकों से संवाद का रास्ता अपनाने तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए शांतिपूर्ण समाधान खोजने का आह्वान किया।
लक्जमबर्ग के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री जेवियर बेटटेल के साथ बातचीत में श्री जयशंकर ने वेनेजुएला के साथ भारत के दीर्घकालिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह वेनेजुएला के घटनाक्रम को लेकर वास्तव में चिंतित हैं और वह इसमें शामिल सभी पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे एक साथ बैठें और ऐसी स्थिति पर पहुंचें जो वेनेजुएला के लोगों के कल्याण और सुरक्षा के हित में हो।
भारत के विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान जारी कर वेनेजुएला की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है और बातचीत के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान की अपील की है। मंत्रालय ने वेनेजुएला के लोगों के प्रति अपना समर्थन दोहराया और संकट के समाधान के लिए शांतिपूर्ण संवाद पर जोर दिया। इसके साथ ही मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों के लिए एक यात्रा परामर्श भी जारी किया है, जिसमें उन्हें वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्रा से बचने और काराकस के भारतीय दूतावास से संपर्क बनाए रखने का सुझाव दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि वेनेजुएला पर हुयी एक अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में अमेरिकी हिरासत में हैं। उन पर कथित तौर पर नार्को-टेररिज्म यानी नशीली दवाओं के आतंकवादी करतूतों को चलाने में शामिल होने के आरोपों के तहत मुकदमा चलाया जा रहा है। मादुरो दंपति ने सोमवार को नशीले पदार्थों और हथियारों से जुड़े आरोपों में खुद को निर्दोष बताया है।
वेनेजुएला अमेरिका को 30-50 मिलियन बैरल तेल देगा: ट्रंप
वाशिंगटन : राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वेनेजुएला अमेरिका को 30 से 50 मिलियन बैरल तेल देगा और यह तेल बाजार दरों पर बेचा जाएगा एवं इससे होने वाली कमाई अमेरिकी सरकार के नियंत्रण में रहेगी।श्री ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि वेनेजुएला में अंतरिम सरकार अमेरिका को 30 से 50 मिलियन बैरल उच्च गुणवत्ता वाला तेल सौंपेंगे।” उन्होंने कहा कि इससे होने वाली कमाई से वेनेजुएला और अमेरिकी दोनों नागरिकों को फायदा होगा।
श्री ट्रंप ने लिखा, “यह तेल बाजार मूल्य पर बेचा जाएगा और पैसा मेरे द्वारा अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में नियंत्रित किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इसका उपयोग वेनेजुएला और अमेरिका के लोगों के फायदे के लिए किया जाए।”उन्होंने ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट को बिना किसी देरी के इस योजना को लागू करने का निर्देश दिया। तेल को जहाजों में भरकर सीधे अमेरिकी बंदरगाहों पर उतारने के लिए भेजा जाएगा।यह घोषणा अमेरिकी सेना द्वारा तीन जनवरी को “बड़े पैमाने पर हमले” के कुछ दिनों बाद हुई है। हमले में वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर गत शनिवार शाम को न्यूयॉर्क लाया गया था और उन्हें ब्रुकलिन में मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के लिए अमेरिकी जिला न्यायालय में दायर एक नए आरोप पत्र में, जिसे अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने साझा किया है, आरोप लगाया गया है कि मादुरो “राष्ट्र-प्रायोजित गिरोह” चलाते थे और देश में नशीले पदार्थो की तस्करी को बढ़ावा देते थे।अमरीकी राष्ट्रपति ने सैन्य अभियान के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी तेल कंपनियों द्वारा वेनेजुएला के खराब हो रहे तेल बुनियादी ढांचे में अरबों का निवेश करने की योजनाओं की रूपरेखा बताई।उन्होंने देश के पेट्रोलियम क्षेत्र को मादुरो सरकार के तहत वर्षों के कुप्रबंधन के परिणामस्वरूप “पूरी तरह से बर्बाद” बताया। (वार्ता)
तुर्कमान गेट अतिक्रमण हटाओ अभियान में पथराव, पांच पुलिसकर्मी घायल



