एआई में भारत की बड़ी छलांग: जियो और गूगल का 11.25 लाख करोड़ निवेश का ऐलान
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने जियो नेटवर्क के जरिए कम लागत पर एआई सेवाएं उपलब्ध कराने और सात वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश की घोषणा की। वहीं, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 1.25 लाख करोड़ रुपये से एआई हब स्थापित करने का ऐलान किया। इन निवेशों से भारत में एआई ढांचा मजबूत होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और शिक्षा, स्वास्थ्य व कृषि क्षेत्रों में एआई आधारित सेवाएं आम लोगों तक पहुंच सकेंगी।
- मुकेश अंबानी का वादा, कम लागत पर एआई सेवाएं उपलब्ध करायेगा जियो
नयी दिल्ली : रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने गुरुवार को जियो नेटवर्क के जरिये कम लागत पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सेवाएं उपलब्ध कराने का वादा किया और कहा कि इस दिशा में कंपनी सात साल में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी।श्री अंबानी ने यहां भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में ऐलान किया कि जिस तरह समूह की दूरसंचार कंपनी जियो ने देश में डेटा सस्ता किया, उसी तरह अब एआई को भी आम भारतीय तक किफायती दरों पर पहुंचाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि “भारत बुद्धिमत्ता किराये पर नहीं ले सकता” और जियो देश को इंटरनेट युग के बाद अब “इंटेलिजेंस युग” से जोड़ेगा।उन्होंने कहा कि जियो और रिलायंस इंड्स्ट्रीज अगले सात साल में इस दिशा में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह निवेश देश में मजबूत एआई ढांचा खड़ा करने और आने वाले दशकों के लिए आर्थिक मजबूती सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जायेगा।उन्होंने कहा कि जियो अपने नेटवर्क के जरिये देशभर में ऐसी कंप्यूट क्षमता उपलब्ध करायेगा, जिससे एआई सेवाएं कम लागत और तेज गति से लोगों, दुकानों, स्कूलों, अस्पतालों और खेतों तक पहुंच सकें। जियो एआई भारतीय भाषाओं में काम करेगा, ताकि किसान, युवा, छात्र और छोटे व्यवसायी अपनी भाषा में इसका लाभ उठा सकें।
शिक्षा के लिए जियो शिक्षा एआई, स्वास्थ्य के लिए जियो आरोग्य एआई, कृषि के लिए जियो कृषि और आम उपयोग के लिए जियो भारत आईक्यू जैसे प्लेटफॉर्म पेश किये जायेंगे जो स्थानीय भाषाओं में एआई आधारित सहायता उपलब्ध करायेंगे।श्री अंबानी ने बताया कि कंपनी गुजरात के जामनगर में चरणबद्ध तरीके से मल्टी-गीगावॉट एआई-रेडी डेटा सेंटर पार्क विकसित कर रही है। इस साल के अंत तक 120 मेगावॉट क्षमता शुरू करने का लक्ष्य है, जिसे आगे गीगावॉट स्तर तक बढ़ाया जायेगा। यह पूरी तरह हरित ऊर्जा पर आधारित होगा।एआई को लेकर जारी आशंकाओं पर उन्होंने कहा कि एआई नौकरियां नहीं छीनेगा बल्कि, यह उच्च-कौशल वाले कार्यों में नये अवसर पैदा करेगा।
पिचाई ने विशाखापत्तनम में एआई हब के निर्माण के लिए लगभग 1.25 लाख करोड़ रूपये के निवेश की घोषणा की
गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में घोषणा की है कि गूगल आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम शहर में एक एआई हब के निर्माण के लिए 15 बिलियन डॉलर (लगभग 1.25 लाख करोड़ रूपये) का निवेश करेगा।श्री पिचाई ने कहा, “मुझे याद है कि यह संभावनाओं से भरा एक शांत और साधारण तटीय शहर है। अब, गूगल भारत में हमारे 15 बिलियन अमेरिकी डॉलर के बुनियादी ढाँचे के निवेश के के रूप में वहां एक पूरी क्षमता वाला एआई हब स्थापित कर रहा है।
“गूगल सीईओ ने कहा कि जब यह बनकर तैयार हो जाएगा, तो इस हब में गीगावाट-स्केल की कंप्यूटिंग और एक नया अंतरराष्ट्रीय सब-सी केबल गेटवे (समुद्र के नीचे बिछी केबल) होगा, जो पूरे भारत के लोगों और व्यवसायों के लिए नौकरियां और अत्याधुनिक एआई लाएगा।श्री पिचाई ने कहा कि वह भारत में ‘बदलाव की गति से प्रभावित’ हैं। साथ ही उन्होंने वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र में देश की बढ़ती भूमिका की भी सराहना की।तमिलनाडु में चेन्नई के रहने वाले श्री पिचाई ने याद किया कि कैसे उनके पिता रेगुनाथा पिचाई ने उनसे कहा था कि वह तब ‘ज्यादा प्रभावित’ होंगे, जब बिना चालकों की कारें भारत की व्यस्त सड़कों पर चल सकेंगी।
उन्होंने पिछले साल एआई आधारित पूर्वानुमान लाखों किसानों को भेजने के लिए भारत सरकार की प्रशंसा की और कहा कि यह आंशिक रूप से उनके ‘न्यूरल-जीसीएम’ मॉडल द्वारा संभव हो पाया है।उल्लेखनीय है कि ‘न्यूरल-जीसीएम’ उन्नत मौसम पूर्वानुमान मॉडल है, जो पारंपरिक मौसम मॉडल और मशीन लर्निंग को मिलाकर मौसम की भविष्यवाणी करता है।श्री पिचाई ने यह भी कहा कि गूगल सब-सी फाइबर-ऑप्टिक केबलों का एक विशाल नेटवर्क बना रहा है, जिसमें ‘अमेरिका-इंडिया कनेक्ट’ पहल के तहत अमेरिका और भारत के बीच चार नए सिस्टम भी शामिल हैं।
गूगल सीईओ ने कहा, “एआई निर्विवाद रूप से श्रमबल को नया रूप देगा, कुछ भूमिकाओं को स्वचालित करेगा, दूसरों को विकसित करेगा और बिल्कुल नए करियर बनाएगा। बीस साल पहले, एक पेशेवर यूट्यूब क्रिएटर की अवधारणा मौजूद नहीं थी। आज, दुनिया भर में ऐसे लाखों लोग हैं।”श्री पिचाई ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता को इस युग की सबसे निर्णायक तकनीकी छलांग बताया, हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरी नहीं कि इसके केवल फायदे हों। उन्होंने कहा, “यह हमारे जीवनकाल का सबसे बड़ा शिफ्ट है। हम अत्यधिक प्रगति और नई खोजों के मुहाने पर हैं जो उभरती अर्थव्यवस्थाओं को पुरानी कमियों को दूर कर आगे बढ़ने में मदद कर सकती हैं। लेकिन वह परिणाम न तो सुनिश्चित है और न ही स्वचालित।
“गूगल सीईओ ने कहा, “यह दिखाता है कि जब मानवता बड़े सपने देखती है तो क्या संभव है, और एआई से बड़ा सपना मुझे किसी और तकनीक ने नहीं दिखाया है।”श्री पिचाई ने एआई के प्रति आशा व्यक्त करते हुए वैज्ञानिक खोज को आगे बढ़ाने और विश्व स्तर पर जीवन को बेहतर बनाने में इसकी भूमिका की ओर इशारा किया।गूगल के सीईओ ने गूगल डीपमाइंड द्वारा विकसित एआई सिस्टम ‘अल्फाफोल्ड’ पर प्रकाश डाला, जिसने प्रोटीन-संरचना की भविष्यवाणी की समस्या को हल किया। उन्होंने कहा, “इस सफलता ने, जिसे अभी नोबेल पुरस्कार मिला है, दशकों के शोध को एक डेटाबेस में समेट दिया है, जो अब दुनिया के लिए खुला है।
” उन्होंने कहा कि इस डेटाबेस का उपयोग अब 190 देशों के तीन मिलियन से अधिक शोधकर्ताओं द्वारा मलेरिया के टीके विकसित करने और एंटीबायोटिक प्रतिरोध से लड़ने के लिए किया जा रहा है।श्री पिचाई ने कहा कि डीएनए बीमारियों की पहचान से लेकर वैज्ञानिक अनुसंधान में एआई का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम वैज्ञानिक जगत में इसी तरह के साहसिक सवाल पूछ रहे हैं। हमें उन क्षेत्रों में समस्याओं से निपटने में समान रूप से साहसी होना चाहिए जहां तकनीक तक पहुंच की कमी रही है। एआई से बड़ा सपना मुझे किसी और तकनीक ने नहीं दिखाया है।
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री पिचाई के साथ-साथ ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन, एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई, मेटा के मुख्य एआई अधिकारी एलेक्जेंडर वांग और अन्य वैश्विक तकनीकी दिग्गजों के साथ एआई इंपैक्ट समिट में मुलाकात की।गौरतलब है कि ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ 20 फरवरी तक चलेगा और यह तीन विषयों, ‘पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस’ पर आधारित है। (वार्ता)
एआई मानवता के लिए वरदान, दुरुपयोग हुआ तो विनाश संभव : प्रधानमंत्री मोदी



