Sports

गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए इंडियन ऑयल करेगा 60 करोड़ का सहयोग

गोरखपुर में 30,000 दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा, जिसके लिए इंडियन ऑयल ₹60 करोड़ का सहयोग देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में MoU पर हस्ताक्षर हुए। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के साथ युवा खिलाड़ियों को वैश्विक मंच देगा। परियोजना दिसंबर 2027 तक पूरी होगी। इससे खेल पर्यटन, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश को नई खेल पहचान मिलेगी।

लखनऊ : गोरखपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ₹60 करोड़ का सहयोग प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच इस संबंध में एमओयू पर हस्ताक्षर सम्पन्न हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह स्टेडियम केवल एक खेल संरचना नहीं, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की उभरती प्रतिभा को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से क्षेत्र में खेल पर्यटन, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इंडियन ऑयल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक-निजी सहभागिता का यह मॉडल राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में सीएसआर के माध्यम से सहयोग प्रदान करने के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वाराणसी में भी एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माणाधीन है, जिसे जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। वहीं, गोरखपुर क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण हेतु बजट में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों के माध्यम से खेल भावना और फिटनेस की संस्कृति को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के बजट में राज्य सरकार ने प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की व्यवस्था की है। इसके अतिरिक्त, मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी तीव्र गति से प्रगति पर है।

बता दें कि प्रस्तावित स्टेडियम में 30,000 दर्शकों की क्षमता होगी और इसे पूर्णत: अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। अत्याधुनिक पिच, प्रैक्टिस एरिया, फ्लडलाइट्स, आधुनिक ड्रेसेिंग रूम, मीडिया सेंटर और हाई-एंड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ यह स्टेडियम बड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करने में सक्षम होगा। साथ ही, यह युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, कौशल-विकास और उत्कृष्टता को नई दिशा देगा। परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।

इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर साहनी ने एमओयू को समूह के लिए ‘गर्व की बात’ बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि इंडियन ऑयल समूह उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेज गति से ‘स्पोर्ट्स पावर’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर में प्रस्तावित यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम उसी दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

राम मंदिर के बाद अयोध्या में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट, 1407 एकड़ में बस रही नई ‘स्मार्ट रामनगरी’

गंगा-वरुणा को स्वच्छ बनाने की बड़ी तैयारी, लोहता में बनेगा 274 करोड़ का अत्याधुनिक एसटीपी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button