वाशिंगटन : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि दुनिया के दो बड़े लोकतांत्रिक देश होने के नाते भारत और अमेरिका की साझेदारी विश्व के हित में है और दोनों देश मिलकर दुनिया को बेहतर भविष्य और भविष्य को बेहतर दुनिया देंगे।श्री मोदी ने गुरूवार को अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उनके लिए इस महान सदन को दूसरी बार संबोधित करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा, “अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करना हमेशा बड़े सम्मान की बात रही है और दो बार ऐसा करना उनके लिए बड़ा सौभाग्य है।
”प्रधानमंत्री ने कहा ,“ लोकतंत्र हमारे पवित्र और साझा मूल्यों में से एक है। लोकतंत्र वह भावना है जो समानता और सम्मान का समर्थन करती है। लोकतंत्र वह विचार है जो बहस और चर्चा का स्वागत करता है। लोकतंत्र वह संस्कृति है जो विचार और अभिव्यक्ति को पंख देती है। भारत को अनादि काल से ऐसे मूल्यों का सौभाग्य प्राप्त है। लोकतांत्रिक भावना के विकास में भारत लोकतंत्र की जननी है।” उन्होंने कहा कि अमेरिका सबसे पुराना और भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है। हमारी साझेदारी लोकतंत्र के भविष्य के लिए शुभ संकेत है। हम सब मिलकर दुनिया को बेहतर भविष्य देंगे और भविष्य को बेहतर दुनिया देंगे।
श्री मोदी ने कहा जब सात वर्ष पहले उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में पहली बार अमेरिका का दौरा किया, तो भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। आज भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। जब भारत बढ़ता है तो पूरी दुनिया बढ़ती है।उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका पुराने समय के संकोच और झिझक को पीछे छोड़कर दोस्ती की कसौटी पर खरे उतरे हैं। उन्होंने कहा, “ सात साल पहले जब मैं यहां आया था तब से अमेरिका बहुत कुछ बदल गया है, लेकिन बहुत कुछ वैसा ही बना हुआ है – जैसे भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती को गहरा करने की हमारी प्रतिबद्धता। पिछले कुछ वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में अमेरिका और भारत में अधिक विकास देखा गया है।”
भारतीय अमेरिकी समुदाय भारत-अमेरिका संबंधों की असली ताकत-मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका में भारतीय समुदाय के 40 लाख लोग भारत-अमेरिका संबंधों की असली ताकत हैं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडेन को भाषण में भाग लेने वाले सैकड़ों भारतीय अमेरिकियों के लिए व्हाइट हाउस लॉन खोलने के लिए धन्यवाद दिया।श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय समुदाय के लोग अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण के माध्यम से अमेरिका में भारत की शान बढ़ा रहे हैं। आप सब हमारे संबंधों की असली ताकत हैं। आज आपको दिए गए सम्मान के लिए मैं राष्ट्रपति जो बाइडेन और डॉ. जिल बाइडेन का हृदय से अभिनंदन करता हूं। उनको धन्यवाद देता हूं। मैं इसके लिए उन्हें जितना धन्यवाद दूं, कम है,’ उन्होंने कहा, “आपकी दोस्ती के लिए धन्यवाद राष्ट्रपति बाइडेन।
”उन्होंने व्हाइट हाउस में भव्य स्वागत समारोह के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति को भी धन्यवाद दिया और इसे भारत के 1.4 अरब लोगों और अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के 40 लाख लोगों का सम्मान बताया।उन्होंने कहा “लगभग तीन दशक पहले मैं एक आम आदमी के रूप में अमेरिका की यात्रा पर आया था। उस समय मैंने व्हाइट हाउस को बाहर से देखा था। प्रधानमंत्री बनने के बाद तो मैं स्वयं कई बार यहां आया हूं, लेकिन आज पहली बार व्हाइट हाउस के दरवाजे इतनी बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकी समुदाय के लिए खोले गए हैं।’उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों के समाज और व्यवस्थाएं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित हैं। हम दोनों देश अपनी विविधता पर गर्व करते हैं, तथा ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ के मूल सिद्धांत में विश्वास करते हैं।
उन्होंने कहा कि कोविड के बाद के युग में, विश्व व्यवस्था एक नया आकार ले रही है। इस समयावधि में भारत और अमेरिका की मित्रता पूरे विश्व के सामर्थ्य को बढ़ाने में पूरक होगी। दोनों देश वैश्विक भलाई और शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।उन्होंने कहा, ‘हमारी मजबूत रणनीतिक साझेदारी लोकतंत्र की ताकत का स्पष्ट प्रमाण है।’श्री मोदी ने कहा कि मैं और मेरे साथ 140 करोड़ भारतीय यही कामना करते हैं, कि भारत और अमेरिका के झंडे हमेशा नई ऊंचाइयाँ छूते रहे।
मोदी, बाइडेन ने व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा पर बातचीत की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गुरुवार को विस्तारित प्रारूप में द्विपक्षीय बातचीत की। एजेंडे में व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, जलवायु , शिक्षा, स्वास्थ्य और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों में द्विपक्षीय सहयोग शामिल था।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट में कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी और जो बाइडेन ने विस्तारित प्रारूप में द्विपक्षीय चर्चा की।
‘एजेंडा में व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, जलवायु कार्रवाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग के व्यापक क्षेत्र शामिल हैं।इससे पहले, व्हाइट हाउस पहुंचने पर श्री मोदी को राजकीय सम्मान दिया गया और अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गर्मजोशी से गले लगाया।श्री बागची ने ट्वीट में कहा “व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने के अपने दृढ़ संकल्प में एक साथ।“पीएम नरेंद्र मोदी और जो बाइडेन ने व्हाइट हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की।
‘दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और हमारे लोगों की शांति और समृद्धि और वैश्विक भलाई के लिए उन्हें और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।प्रवक्ता ने ट्वीट किया, “भारतीय-अमेरिकी समुदाय – भारत-अमेरिका संबंधों का आधार।’हजारों भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों ने व्हाइटहाउस में पीएम नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया।(वार्ता)



