
प्रेमी से शादी की जिद में युवती टावर पर चढ़ी, तीन घंटे बाद सुरक्षित उतारी गई
महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में प्रेमी से शादी की जिद पर युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। तीन घंटे तक समझाने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा। युवती का आरोप है कि प्रेमी के घरवाले उसकी शादी कहीं और तय कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों परिवारों से वार्ता कर समाधान का भरोसा दिया।
महराजगंज : जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की कोशिश से हड़कंप मच गया। गांव की रहने वाली युवती (बसंती- परिवर्तित नाम) प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी। परिजनों के अनुसार, जिस युवक से उसका प्रेम संबंध है, उसके घर वाले कहीं और शादी तय कर रहे हैं। इसी बात से आहत होकर युवती घर से निकलकर गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और युवती को समझाने का प्रयास करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती बार-बार कह रही थी कि “जब तक हमारी शादी उसी से नहीं होगी, हम नीचे नहीं उतरेंगे।” लोगों के काफी समझाने के बावजूद वह नहीं मानी, तब पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर निचलौल थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पहले भीड़ को हटाकर स्थिति नियंत्रित की और फिर शांतिपूर्वक वार्ता शुरू की। पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए आश्वस्त किया कि मामले में परिवारों से बात कर समाधान निकाला जाएगा। युवती ने शर्त रखी कि उसका प्रेमी मौके पर बुलाया जाए। पुलिस ने युवक के परिजनों से संपर्क किया, लेकिन युवक के नेपाल में होने के कारण वह घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका।
करीब तीन घंटे तक चले समझाइश और आश्वासन के बाद पुलिस ने शादी के संबंध में परिवारों से वार्ता कराने का भरोसा दिलाया। अंततः युवती टावर से नीचे उतरी। पुलिस ने उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एहतियातन काउंसलिंग की भी व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी गई। दोनों पक्षों से बातचीत कर कानूनी व सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय कराया जाएगा। वहीं, प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ या आत्मघाती कदम न उठाएं, बल्कि परिजनों व प्रशासन से संवाद करें।
वाराणसी में 350 बीघा में बनेगा विशाल ‘शहरी वन’, तीन लाख से अधिक पौधों का रोपण



