
एकसार में सीतापुर के डिप्टी जेलर के भाई मानसिंह वर्मा का राइस मिल में लटकता मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
बलियाः उभांव थाना के एकसार गांव में गुरुवार की अहले सुबह सीतापुर के डिप्टी जेलर के भाई मानसिंह वर्मा (40) का अपने ही राइस मिल में संदिग्ध परिस्थिति में गमछे से लटकता हुआ शव मिला है। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामिणों और आसपास के लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। राइस मिल में पति को लटके हुए सबसे पहले उनकी पत्नी निर्मला देवी ने ही देखा। पुलिस मामले को आत्महत्या बताते हुए घटना की जांच में जुट गई है। मृतक अपने चार भाईयों में सबसे छोटा है। जिनका एक भाई देवकांत वर्मा सीतापुर में डिप्टी जेलर है। उभांव थाना के तेलमा गांव के मूल निवासी मृतक के अन्य भाई गांव में ही रहते है। जबकि मृतक मानसिंह वर्मा दशकों से एकसार गांव स्थित पुराने मकान में अपने परिवार व बच्चों के साथ रहता था। उभांव इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर मिश्र ने बताया कि मृतक का शव उनके अपने ही राइस मिल में लटका हुआ मिला है। जिसमें बाहर से अन्य लोगों के जाने का कोई सुराग नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।



