UP Live

फ्रैंकफर्ट में यूपी-हेसेन की अहम बैठक, निवेश और औद्योगिक सहयोग को मिलेगा नया विस्तार

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में उत्तर प्रदेश और हेसेन राज्य के प्रतिनिधिमंडलों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें निवेश, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी पर चर्चा हुई। यूपी ने अपनी निवेशक-अनुकूल एफडीआई नीति, डेटा सेंटर, डिफेंस, आईटी, मेडिकल डिवाइस और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं का प्रस्तुतीकरण किया। हेसेन ने वित्त, स्वास्थ्य और लॉजिस्टिक्स में सहयोग की इच्छा जताई। दोनों पक्षों ने विशेषज्ञ स्तर की बैठकों और संयुक्त परियोजनाओं के माध्यम से आर्थिक संबंध मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में हेसेन राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुआ। इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच निवेश बढ़ाने, औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करने और दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने पर व्यापक चर्चा हुई। हेसेन सरकार की ओर से प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्य सचिव कैरिन मुलर ने किया, जबकि उत्तर प्रदेश की ओर से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और निवेश प्रोत्साहन से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियों और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया। विशेष रूप से राज्य की एफडीआई नीति, औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं, सिंगल-विंडो क्लीयरेंस प्रणाली और निवेशकों को प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य होने के साथ-साथ एक विशाल उपभोक्ता बाजार और कुशल मानव संसाधन का केंद्र भी है, जो निवेशकों के लिए व्यापक संभावनाएं प्रदान करता है।

इस अवसर पर मेडिकल डिवाइस निर्माण, वस्त्र उद्योग, चमड़ा और फुटवियर, सेमीकंडक्टर उत्पादन, रक्षा विनिर्माण, आईटी और आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) तथा डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश की प्रगति और क्षमताओं पर विशेष प्रकाश डाला गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राज्य में पहले से स्थापित 660 मेगावाट से अधिक क्षमता वाले डेटा सेंटर और विकसित हो रहे औद्योगिक कॉरिडोर निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर प्रदान कर रहे हैं। साथ ही राज्य में विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स को भी संभावित सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के रूप में प्रस्तुत किया गया।

वहीं, हेसेन राज्य के प्रतिनिधियों ने वित्तीय सेवाओं, रसायन उद्योग, स्वास्थ्य सेवा, कृषि तकनीक और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्रों में अपनी वैश्विक विशेषज्ञता और तकनीकी क्षमताओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि फ्रैंकफर्ट यूरोप का एक प्रमुख वित्तीय केंद्र है, जहां से वैश्विक निवेश और औद्योगिक सहयोग के अनेक अवसर उत्पन्न होते हैं। हेसेन प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के साथ इन क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर सकारात्मक रुचि व्यक्त की और संयुक्त परियोजनाओं पर आगे बढ़ने की इच्छा जताई।

बैठक में दोनों पक्षों ने क्षेत्र-विशिष्ट सहयोग को बढ़ावा देने, तकनीकी विशेषज्ञता के आदान-प्रदान और औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए नियमित संवाद और विशेषज्ञ स्तर की बैठकों को आगे जारी रखने पर सहमति व्यक्त की। इसके साथ ही दीर्घकालिक साझेदारी के लिए संस्थागत सहयोग को मजबूत बनाने, उद्योग प्रतिनिधियों के परस्पर दौरे और संयुक्त कार्यशालाओं के आयोजन पर भी चर्चा हुई।

उत्तर प्रदेश प्रतिनिधिमंडल ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए पारदर्शी, स्थिर और उद्योग-अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से एक औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है और राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर अग्रणी स्थान दिलाना है।

यह बैठक उत्तर प्रदेश और हेसेन के बीच आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, बल्कि तकनीकी सहयोग, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और राज्य को वैश्विक औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

प्रदेशवासियों को मुख्यमंत्री योगी की चिट्ठी, उपलब्धियों और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का संकल्प दोहराया

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, पांच की मौत, 45 से अधिक घायल

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button