Politics

मल्हनी में कमल खिलाइए तो बहा देंगे विकास की गंगा -उप मुख्यमंत्री

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चुनावी सभा में जनता से मांगा मल्हनी सीट , मल्हनी की बेटी सीमा द्विवेदी' को राज्यसभा में भेजने के बदले मांगा एक विधायक .

जौनपुर। प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यहां कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने हमें 325 सीट तो दिया पर मल्हनी विधानसभा सीट गलती से छूट गई थी, और जो चीज छूट जाती है उसका खामियाजा हमें सूद समेत वापस करके चुकाना पड़ता है। मल्हनी की सीट आप हमें वापस करिए, मल्हनी में कमल खिलाइए तो यकीन मानिये मल्हनी में विकास की गंगा बहा देंगे। उन्होंने आगे कहा कि कमल पर ही लक्ष्मी बैठकर आती है, उत्तर प्रदेश सरकार मल्हनी विधानसभा के लिए खजाना खोल देगी।

भारतीय जनता पार्टी ने मल्हनी विधानसभा के प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह के पक्ष में क्षेत्र के सैदनपुर में क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जनसभा आयोजित की थी। बतौर मुख्य अतिथि इस चुनावी सभा में बोलते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने क्षेत्र की जनता से विकास का वादा किया और साथ में भावनात्मक रूप से भी जनता को जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने तो ‘मल्हनी की बेटी सीमा द्विवेदी’ को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया है। राज्यसभा में जाने के लिये 39 विधायकों का समर्थन चाहिए। हमने आपकी बेटी को राज्यसभा पहुंचाने का इंतजाम कर दिया है और अब आप लोगों की बारी है कि आप एक विधायक हमें दे।

उन्होंने जनसभा से मुखातिब होते हुये कहा कि मल्हनी के विकास के लिए मनोज सिंह को आशीर्वाद दीजिए। कोई गुंडा और अपराधी आपको वोट देने से नहीं रोक सकता।  केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गुंडे माफियाओं के खिलाफ जो भी अभियान चल रहा है वो रुकने वाला नहीं है। किसानों की आमदनी कैसे बढ़ाई जाए उसकी चिंता मोदी और योगी सरकार कर रही है। गरीबों और पिछड़ों का सम्मान कहीं है तो वो सिर्फ और सिर्फ भाजपा में ही है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के तर्ज पर काम करने वाली मोदी और योगी की सरकार है। उन्होंने अंत मे जनता से अपील की कि मनोज सिंह प्रत्याशी नहीं है बल्कि मैं, यानि केशव प्रसाद मौर्य प्रत्याशी है, आप लोग मेरा मस्तक ऊंचा कर दीजिए तो मैं आपके विधानसभा में विकास की गंगा बहा दूंगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक परिवार की पार्टी नहीं है बल्कि सर्व समाज की पार्टी है। एक गरीब परिवार के बेटे को मात्र 6 वर्ष में भाजपा ने जो दे दिया है वो कोई भी पार्टी नहीं दे सकती। भाजपा ने हमें विधायक, सांसद फिर उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष और उसके बाद उप मुख्यमंत्री बनाया, ये काम सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। सभा में प्रदेश मंत्री संजय राय, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर एवं गिरीश चन्द्र यादव, सांसद वी. पी. सरोज, प्रवीण निषाद, रमेश चन्द्र बिन्द, पूर्व सांसद के. पी. सिंह, विधायक रमेश चन्द्र मिश्र, हरेन्द्र प्रसाद सिंह एवं दिनेश चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा राणा सिंह, विधानसभा संयोजक और जिला उपाध्यक्ष सुधाकर उपाध्याय, सुरेन्द्र सिंघानियां, पाणिनि सिंह, ब्लाक प्रमुख संदीप सिंह, मनोज दुबे, मीडिया प्रभारी आमोद सिंह, मण्डल अध्यक्ष नरेन्द्र विश्वकर्मा, जितेंद्र मिश्र, अजय मिश्र, भूपेश सिंह, शैलेश सिंह आदि विशेष रुप से उपस्थित रहे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button