अटल स्मृति सम्मेलन में गूंजे सुशासन और राष्ट्रहित के विचार
भलुअनी, देवरिया के गांधी सभागार में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दूबे ने अटल जी के पोखरण परमाणु परीक्षण, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को रेखांकित किया। वक्ताओं ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सम्मेलन में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- भलुअनी में अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर आयोजित सम्मेलन में सांसद विजय कुमार दूबे ने कार्यकर्ताओं को दिया लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का संदेश
भलुअनी (देवरिया)। भलुअनी ब्लॉक स्थित गांधी सभागार में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर भव्य ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे रहे।
सम्मेलन का शुभारंभ राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अटल जी के जीवन-दर्शन, वैचारिक प्रतिबद्धता और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दूबे ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मभूमि बलरामपुर जनपद रही है, जहां की जनता ने उन्हें पहली बार लोकसभा भेजकर देश की राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण, सुशासन की अवधारणा, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने जैसे निर्णयों को अटल जी की दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक बताया। साथ ही, उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्र शाका ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण अभियान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएं और पात्र नागरिकों के छूटे हुए नाम नई सूची में ईमानदारी से जोड़े जाएं, ताकि लोकतंत्र और अधिक मजबूत बन सके।
जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह एवं राजेश मिश्र ने संयुक्त रूप से कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे आदर्श स्तंभ थे, जिनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर संगठनात्मक मजबूती और समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल अध्यक्ष प्रणव दूबे ने किया। सम्मेलन में नीरज शाही, ब्लॉक प्रमुख छठ्ठू यादव, अंगद तिवारी, विनोद कुमार सिंह ‘गुड्डू’, दिनेश गुप्ता, शौर्य सिंह, डॉ. वाई.के. तिवारी, राजकुमार गुप्ता, धनवंत सिंह सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समापन पर अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को और सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया।
बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया का निधन, बुधवार को अंतिम संस्कार
1 जनवरी को देश-विदेश में बसे मध्यदेशीय वैश्य समाज से दर्शन-पूजन और सेवा-संकल्प की अपील



