PoliticsState

मैंने कमल नाथ से कहा था सपा को चार सीटें दे दो: दिग्विजय सिंह

कांग्रेस ने चार सीटों पर बदले प्रत्‍याशी, इस सीट पर कोई निर्णय नहीं

भोपाल । मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लिए गठबंधन की बात बनते-बनते बिगड़ गई। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस को धोखेबाज पार्टी तक कह दिया। वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ से इस बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कह दिया कि ‘छोड़ो अखिलेश-वखिलेश’। इसी बीच मप्र में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान सामने आया है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि कमल नाथ ने क्या कहा, मुझे नहीं पता कि उन्होंने कैसे कहा। लेकिन किसी के बारे में ऐसा कुछ नहीं कहना चाहिए। हां मैं इस बात को स्वीकार कर रहा हू कि मेरे पास कमल नाथ जी ने अशोक सिंह को मेरे पास दीप नारायण यादव के नेतृत्व वाली टीम के साथ चर्चा के लिए भेजा था। उनके साथ बैठक में हमने चर्चा की थी। समाजवादी पार्टी का एक प्रत्याशी बिजावर से (पिछले चुनाव में) जीता था, जो भाजपा में चला गया। दो सीटों पर सपा प्रत्याशी दूसरे नंबर पर आए थे। सपा छह सीटें मांग रही थी। हमारी चर्चा हुई और हम चार सीटें उनके लिए छोड़ सकते थे, इसकी रिपोर्ट बनाकर मैंने कमल नाथ को भेज दी थी।

कहां बिगड़ी बात, पता नहीं

दिग्विजय ने आगे कहा कि मैंने केंद्रीय नेतृत्व से भी कार्यसमिति की बैठक में पूछा कि I.N.D.I.A. अलायंस के साथ हमारा क्या संबंध होना चाहिए। उन्होंने राज्यों के चुनाव में इसे प्रदेश नेतृत्व पर छोड़ दिया है। अब I.N.D.I.A. अलायंस लोकसभा चुनाव तो साथ मिलकर लड़ेगा, लेकिन राज्य चुनाव में हमारे मुद्दे अलग हैं। दिग्विजय सिंह ने अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा कि वह बहुत ईमानदार और समझदार व्यक्ति हैं वह पढ़े-लिखे हैं और पार्टी और परिवार को संभाल रहे हैं। मुझे नहीं पता कि चर्चा कहां गलत हुई, लेकिन कमल नाथ पूरी ईमानदारी से किसी समझौते पर पहुंचना चाहते थे। लेकिन ठीक है, गठबंधन में तो दोस्ताना मुकाबले भी हो जाते हैं।

कांग्रेस ने चार सीटों पर बदले प्रत्‍याशी, इस सीट पर कोई निर्णय नहीं

मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जारी की गई प्रत्याशियों की सूची को कांग्रेस ने फिर अपडेट करते हुए चार सीटों पर प्रत्याशियों को बदला है। बता दे कि इन सीटों पर पूर्व में घोषित प्रत्‍याशियों का लगातार विरोध हो रहा था। जिसके बाद पार्टी ने इन सीटों पर दोबारा मंथन किया और चार सीटों पर चेहरे बदले हैं।

इन सीटों पर बदले प्रत्‍याशी

सुमावली से अजय सिंह कुशवार को टिकट दिया है, पहले इनके स्थान पर कुलदीप सिकरवार को टिकट दिया गया था। पिपरिया से वीरेंद्र बेलवंशी को टिकट दिया गया, यहां से पहले गुरुचरण खरे को टिकट दिया गया था। बड़नगर से मुरली मोरवाल को टिकट दिया गया, यहां पहले राजेंद्र सिंह सोलंकी को कांग्रेस ने टिकट दिया था। जावरा से वीरेंद्र सिंह सोलंकी को टिकट दिया गया यहां पहले हिम्मत श्रीमाल उम्मीदवार बनाए गए थे।

आमला पर कोई निर्णय नहीं

कांग्रेस की इस सूची में बैतूल जिले की आमला विधानसभा सीट पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। यहां से कांग्रेस ने मनोज मल्वे को प्रत्‍याशी बनाया। यह सीट इसलिए भी खास है, क्‍योंकि यहां से डिप्‍टी कलेक्‍टर निशा बांगरे भी चुनाव लड़ना चाहती थी और चर्चा भी थी कि इस सीट से कांग्रेस बांगरे को टिकट भी दे सकती है, लेकिन पिछली सूची में कांग्रेस ने मनोज मल्वे को प्रत्‍याशी बना दिया।(वीएनएस)।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button