देवरिया: बारीपुर धाम में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
भलुअनी के बारीपुर धाम मंदिर प्रांगण में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया द्वारा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नाक, कान, गला, हड्डी, नेत्र, चर्म, टीबी एवं स्त्री रोगों की जांच कर सैकड़ों मरीजों को निःशुल्क परामर्श व दवाएं वितरित कीं।
भलुअनी (देवरिया)। स्थानीय क्षेत्र के प्रसिद्ध बारीपुर धाम मंदिर प्रांगण में मंगलवार को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया द्वारा एक विशाल एवं बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी शिविर में आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ बारीपुर हनुमान मंदिर के उत्तराधिकारी महंत गोपाल दास जी महाराज ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं, जहां आर्थिक कारणों से लोग बेहतर इलाज से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इस सराहनीय पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि निःशुल्क जांच, परामर्श और दवाओं का वितरण मानव सेवा की सच्ची मिसाल है।
शिविर में मेडिकल कॉलेज के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नाक-कान-गला, शल्य रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, मानसिक रोग, चर्म रोग, टीबी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की गहन जांच की गई। साथ ही आवश्यकतानुसार रक्त जांच, स्वास्थ्य परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस शिविर में डॉ. पूजा पांडेय, डॉ. अनुराग मिश्रा, डॉ. शिवम मिश्रा, डॉ. सोनू कुमार सरोज, डॉ. त्रिलोक मीणा, डॉ. शाहिल मौर्य, डॉ. श्वेता मिश्रा, डॉ. मु. अफान सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों की टीम ने प्रत्येक मरीज को रोग के अनुसार उचित परामर्श देते हुए आगे के इलाज की जानकारी भी दी।
स्वास्थ्य शिविर में गडेर, एकडंगा, पचौहा, बैरौना, सोनूघाट, खुखुन्दू, बारीपुर, सोनखरिका समेत दर्जनों गांवों से आए सैकड़ों मरीजों ने भाग लिया। शिविर स्थल पर दिनभर मरीजों और क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ जुटी रही।ग्रामीणों ने इस आयोजन के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया तथा सभी चिकित्सकों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।
पीएम आवास योजना शहरी: भलुअनी में पहली किस्त मिलते ही खिल उठे गरीबों के चेहरे
लोकतंत्र की आत्मा हैं पीठासीन अधिकारी, लखनऊ से देश को मिला बड़ा संदेश



