
गाजियाबाद । जिले के लोनी थानाक्षेत्र स्थित बबलू गार्डन निठौरा में बुधवार को गैस सिलेंडर फटने से एक मकान ध्वस्त हो गया। मकान के मलबे में दबकर दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। मलबे में कई और लोगों के दबे होने की जानकारी मिली है। पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। जिलाधिकारी ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गैस सिलेंडर ब्लास्ट में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी और पुलिस के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने को कहा है।
बबलू गार्डन कॉलोनी में मुनीर (55वर्ष) अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह ऑटो चलाते हैं। बुधवार सुबह वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में मौजूद थे। घर की महिला रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर फट गया, जिसमें उनका दो मंजिला मकान भर-भराकर गिर गया। मलबे में परिवार के छह सदस्य दब गए।
पुलिस की टीम ने मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया है और अस्पताल ले जाया गया जहां पर 15 वर्षीय सान्या, 10 माह का इनायत, 45 साल का महाराज तथा 24 साल की रुकय्या की मौत हो गयी। एक अन्य महिला का हाथ कटा है, जिसको दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।(हि.स.)



