नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो का ऐतिहासिक शुभारंभ आज, 12,930 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी 2026 को मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे। ₹12,930 करोड़ की परियोजनाओं के तहत 82 किमी दिल्ली–मेरठ कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित होगा। नमो भारत 180 किमी/घंटा और मेरठ मेट्रो 120 किमी/घंटा की गति से संचालित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे पश्चिमी यूपी के विकास का ऐतिहासिक कदम बताया। इससे कनेक्टिविटी, निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
- पीएम मोदी हरी झंडी दिखाकर करेंगे उद्घाटन, सीएम योगी बोले – पश्चिमी यूपी के विकास और आधुनिक परिवहन का नया युग शुरू
लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के मेरठ का दौरा करेंगे। लगभग दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद वह मेट्रो से मेरठ साउथ स्टेशन तक यात्रा करेंगे। दोपहर करीब 1 बजे प्रधानमंत्री मेरठ में लगभग ₹12,930 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर की पूरी 82 किलोमीटर लंबी परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अंतर्गत भारत की पहली नमो भारत क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के शेष खंडों का उद्घाटन किया जाएगा। इनमें दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर और उत्तर प्रदेश के मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का खंड शामिल है।
180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिज़ाइन स्पीड के साथ नमो भारत भारत की पहली क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली है। यह दिल्ली को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों से तेज और आधुनिक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
सराय काले खां स्टेशन इस कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन है, जो एक प्रमुख मल्टी-मोडल हब के रूप में विकसित किया गया है। यह हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से सीधे जुड़ा हुआ है। इसके अलावा मेरठ के शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन भी इस अवसर पर शुरू किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन करेंगे, जो नमो भारत के साथ एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित होगी। यह देश की पहली ऐसी व्यवस्था है। मेरठ मेट्रो लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलेगी और पूरे मार्ग को मात्र 30 मिनट में पूरा करेगी।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो का यह एकीकृत मॉडल देश में शहरी और क्षेत्रीय परिवहन का नया मानक स्थापित करेगा। इससे सड़क यातायात में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।ये परियोजनाएं प्रधानमंत्री के आधुनिक, टिकाऊ और कुशल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित करने के विजन को आगे बढ़ाएंगी और नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाएंगी।
मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल का विस्तार व मेट्रो सेवा का शुभारंभ ऐतिहासिक, भव्य हो आयोजनः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर मेरठ पहुंचे। उन्होंने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल, रेलवे स्टेशन आदि का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल के विस्तार और मेरठ मेट्रो का शुभारंभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरी और औद्योगिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा। यह परियोजना न केवल तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन उपलब्ध कराएगी, बल्कि दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता संभावित है। इसकी महत्ता व बड़ी जनभागीदारी को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारु, सुरक्षित और पूर्णतः व्यवस्थित हों।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल व आसपास सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था, बहुस्तरीय और समन्वित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और सुगमता में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
12,930 करोड़ लागत की कई परियोजनाओं का उपहार देंगे प्रधानमंत्री
रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12,930 करोड़ से निर्मित दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक (पांच किमी.), मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो रेल सेवा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएम मोदी मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यह उपहार देंगे। प्रधानमंत्री शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यहां से वे मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो का सफर करेंगे। प्रधानमंत्री मेरठ में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटिक, मेरठ के सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया समेत स्थानीय जनपद-पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
आईबीएम एआई गवटेक इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन आज करेंगे मुख्यमंत्री
प्रदेश में एआई तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर जानी-मानी साफ्टवेयर कंपनी आईबीएम के इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ करेंगे। यह आईबीएम एआई गवटेक इनोवेशन सेंटर सुशांत गोल्फ सिटी में प्लेटिनम मॉल में बनाया गया है।
मुख्यमंत्री योगी की पहल पर आईबीएम ने पिछले साल यह सेंटर बनाने की घोषणा की थी। प्रदेश को एआई और डिजिटल और इनोवेशन हब बनाने के उद्देश्य से इस सेंटर का निर्माण किया गया है। अब यह बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री योगी इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर सेंटर का उद्घाटन करेंगे।



