UP Live

गोरखपुर में नरसिंह शोभायात्रा का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की पूजा-अर्चना

गोरखपुर के पाण्डेयहाता में आयोजित पारंपरिक नरसिंह शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भक्त प्रह्लाद की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। वर्ष 1927 से चली आ रही इस ऐतिहासिक परंपरा के शताब्दी वर्ष पर मुख्यमंत्री ने रथ को रवाना किया और श्रद्धालुओं संग फूलों की होली खेली। आयोजन के दौरान प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

  • पाण्डेयहाता की ऐतिहासिक परंपरा के शताब्दी वर्ष पर फूलों की होली, कड़ी सुरक्षा में निकली शोभायात्रा

गोरखपुर। श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति, पाण्डेयहाता द्वारा आयोजित पारंपरिक नरसिंह (शोभायात्रा) यात्रा का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भक्त प्रह्लाद की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रथ (शोभायात्रा) को रवाना किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ फूलों की होली खेलकर उत्सव में सहभागिता निभाई।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनसमूह को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समिति को शताब्दी वर्ष के अवसर पर विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा कि पाण्डेयहाता की यह ऐतिहासिक परंपरा वर्ष 1927 से निरंतर परंपरागत ढंग से संचालित हो रही है, जो गोरखपुर की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।

आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भगवान नरसिंह एवं भक्त प्रह्लाद की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, धार्मिक नारों और पुष्पवर्षा के बीच यात्रा मार्ग भक्ति भाव से ओत-प्रोत रहा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल एवं शोभायात्रा मार्ग पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती रही। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए व्यवस्था की निगरानी की।

इस दौरान एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, एसपी सिटी दिनेश गोदारा, एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय सहित कैंट एवं कोतवाली क्षेत्राधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, सांसद रवि किशन, विधायक विपिन सिंह, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, भाजपा महानगर संयोजक राजेश गुप्ता सहित होलिका दहन समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। शोभायात्रा के दौरान आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का अनुपम दृश्य देखने को मिला। पाण्डेयहाता की यह ऐतिहासिक परंपरा शताब्दी वर्ष में और अधिक भव्यता के साथ संपन्न हुई, जिसने गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा प्रदान की।

मत्स्य क्षेत्र में 30 कंपनियां करेंगी 1400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button