भलुअनी में विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों का भव्य सम्मान समारोह
भलुअनी नगर पंचायत के आज़ाद नगर में विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक ब्लॉक भलुअनी द्वारा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें जनपद भर से आए पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने 1971 की ऐतिहासिक विजय और भारतीय सेना के शौर्य को याद किया।
- 1971 की ऐतिहासिक जीत की स्मृति में वीर जवानों और उनके परिजनों को किया गया सम्मानित
भलुअनी (देवरिया)। नगर पंचायत भलुअनी के वार्ड संख्या-3, आज़ाद नगर स्थित एक मैरिज हॉल में विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक ब्लॉक भलुअनी द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कर्नल अरुण प्रकाश पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि 16 दिसंबर भारत के इतिहास में अत्यंत गौरवशाली और महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन वर्ष 1971 में भारतीय सेना ने अदम्य साहस, पराक्रम और रणनीतिक कौशल का परिचय देते हुए पाकिस्तानी सेना को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया था।

इस ऐतिहासिक विजय के साथ ही पूर्वी पाकिस्तान का अस्तित्व समाप्त हुआ और बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि इसी गौरवशाली जीत की स्मृति में भारतीय सशस्त्र बल हर वर्ष 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाते हैं।
विशिष्ट अतिथि पूर्व कैप्टन मनन यादव, पूर्व कैप्टन सुभाष सिंह, पूर्व कैप्टन जयराम, मारकंडेय तिवारी, रमेश सिंह, हरिश यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और अनुशासन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों का योगदान सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुरली मनोहर जायसवाल, संतोष यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए और पूर्व सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
इस अवसर पर सैनिक प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष रामदरब यादव, परमहंस यादव, रामचंद्र यादव, श्यामलाल पासवान, रविंद्र नाथ पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, सुमन सिंह, लोरिक यादव, अपरवल यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सम्मान समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों के परिजनों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसमें हवलदार स्व. उमेश सिंह की पत्नी जीरा देवी तथा स्व. रामचंद्र पांडेय की 87 वर्षीय पत्नी भानमती देवी सहित अन्य परिजनों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट किए गए।
कार्यक्रम के अंत में सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बलवंत गुप्ता ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रभाकर मणि त्रिपाठी द्वारा किया गया।
अपनों ने ठुकराया, योगी सरकार ने अपनाया तो जज बन सपने को किया साकार


