
गोरखपुर: अनैतिक संबंध के शक में पति ने पत्नी की फावड़े से काटकर हत्या
गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव में पति ने अनैतिक संबंध के शक में पत्नी नीलम की फावड़े और कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति अशोक निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। मामले में बीएनएस की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
- खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव की घटना, आरोपी पति अशोक निषाद गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए हत्या के हथियार
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव में पति द्वारा पत्नी की निर्मम हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते आरोपी पति ने फावड़े और कुल्हाड़ी से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अशोक निषाद (45) के रूप में हुई है, जो धाधूपार गांव का निवासी है। उसे अपनी पत्नी नीलम के अनैतिक संबंधों का शक था। इसी संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर अशोक निषाद ने फावड़े और कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी का गला काट दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर खजनी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लेने के बाद आरोपी असामान्य व्यवहार कर रहा था और मनोरोगी की तरह बड़बड़ा रहा था कि कई लोग उसे घेरकर मारना चाहते हैं। पुलिस ने उसे शांत कराया और पूछताछ की।
अगले दिन सुबह करीब 10 बजे पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर गई, जहां उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा और कुल्हाड़ी बरामद किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी भी साक्ष्य के रूप में एकत्र कर सील कर लिया है।
मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर खजनी थाने में केस संख्या 64/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनका दामाद अक्सर शराब पीकर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था और आए दिन विवाद करता था।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर भी मौके पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में सब इंस्पेक्टर रामदयाल यादव, महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति यादव, हेड कांस्टेबल अनिल चौधरी, कांस्टेबल जितेंद्र यादव, मनीष कुमार और महिला कांस्टेबल मनीषा वर्मा शामिल रहे।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद मृतका के दोनों मासूम बच्चों को उनके ननिहाल वाले अपने साथ ले गए हैं। वहीं गांव में इस घटना को लेकर शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।



