Technology

गूगल ने डूडल के माध्यम से किया चंद्रयान-3 की सफलता को सलाम

नयी दिल्ली : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को बखूबी अंजाम देकर जो इतिहास रचा, उसे देश और दुनिया भर के मुल्कों ने तो सराहा ही आज के युग की लाइफलाइन माने जाने वाले इंटरनेट सर्च इंजन गूगल ने भी अपने डूडल के माध्यम से भारत की इस शानदार कामयाबी को सलाम किया है।

गूगल महत्वपूर्ण अवसरों पर आकर्षक डूडल देकर घटना विशेष के महत्व को दर्शाता है और कल भारत के चंद्रयान मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिग की ऐतिहासिक घटना पर भी गूगल ने आकर्षक डूडल बनाया गया है। इस डूडल में गूगल की स्पेलिंग के दूसरे “ओ” अक्षर को चंद्रमा के आकार दिया गया है, जो मुस्कुरा रहा है और उसके दक्षिणी ध्रुव पर भारत के चंद्रयान को दिखाया गया है।

डूडल में एक जिफ भी लगाया गया है जिसमें चंद्रयान जब चांद की कक्षा में चक्कर लगा रहा था तो चांद उसे हैरानी से देखता है और जब चंद्रयान उसकी सतह पर उतरता है और रोवर सतह पर चलता है तो वह खुश हो जाता है। चांद के आस पास टिमटिमाते तारे में दिखाये गये हैं।

गौरतलब है कि भारत का चंद्रयान-3 बेहद सटीकता के साथ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा है। चंद्रमा का यह हिस्सा लैंडिंग के हिसाब से बेहद खतरनाक माना जाता है और यही वजह है कि अभी तक दुनिया के जिस भी देश ने यान भेजे हैं वह उसके इक्वेटोरियल रीजन पर ही उतारे गये हैं।

कोई देश चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतर नहीं पाया लेकिन कल भारत के चंद्रयान-3 ने इसी हिस्से पर उतरकर एक नया इतिहास रचा, जिसे आज दुनिया अपने अपने तरीके से सलाम कर रही है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button