नववर्ष 2026 पर बरेका में उत्साह, महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने दी शुभकामनाएं
नववर्ष 2026 के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों से भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यशालाओं का निरीक्षण किया और बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 418 लोकोमोटिव का उत्पादन कर बरेका ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
वाराणसी : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में नववर्ष 2026 का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। बरेका के महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने नववर्ष के पावन अवसर पर प्रमुख विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों, कर्मचारी परिषद तथा एस.सी./एस.टी. एसोसिएशन के सदस्यों से भेंट कर सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोको असेम्बली शॉप सहित विभिन्न कार्यशालाओं का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने कार्यस्थलों पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया, उनके कार्यों की जानकारी ली और नए वर्ष में नये उत्साह, उमंग तथा सकारात्मक ऊर्जा के साथ लक्ष्य-उन्मुख होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों के उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की मंगलकामना भी की। महाप्रबंधक के इस स्नेहिल संवाद से पूरे बरेका परिसर में दिनभर हर्ष और उल्लास का वातावरण बना रहा।
नववर्ष के अवसर पर आयोजित संवाद के दौरान महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने बरेका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका ने अब तक 418 लोकोमोटिव का उत्पादन कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जो किसी भी वर्ष में दिसंबर माह तक का सर्वाधिक उत्पादन है। यह उपलब्धि बरेका की सुदृढ़ उत्पादन क्षमता, तकनीकी दक्षता और समर्पित कार्यसंस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने आगे बताया कि बरेका ने अब तक 2778 विद्युत लोकोमोटिव सहित कुल 11105 लोकोमोटिव का निर्माण कर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल बरेका के लिए, बल्कि भारतीय रेल के लिए भी गर्व का विषय है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है।
महाप्रबंधक ने इस उल्लेखनीय सफलता के लिए संपूर्ण बरेका परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि समर्पित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और टीमवर्क का प्रतिफल है। उन्होंने नए वर्ष में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय, सहयोग और टीम भावना के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करने का आह्वान किया। महाप्रबंधक ने विश्वास व्यक्त किया कि बरेका का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी इसी समर्पण और ऊर्जा के साथ कार्य करता रहेगा तथा आने वाले समय में उत्पादन, गुणवत्ता और नवाचार के नए आयाम स्थापित करेगा।
ग्रहों का बड़ा खेल जनवरी 2026 में, 12 राशियों के जीवन में होंगे चौंकाने वाले बदलाव
यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती 2025 का विज्ञापन जारी, 32,679 पदों पर होगी सीधी भर्ती



