BusinessNational

व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी से आगे निकले गौतम अडाणी

दुनिया के टॉप 10 रईसों की सूची में शामिल हुए गौतम अडाणी

नई दिल्ली । भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में पहली बार टॉप- 10 में शामिल होने में कामयाब हुए हैं। गौतम अडाणी में टॉप टेन में शामिल होकर न केवल भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा है, बल्कि फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग को भी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में पछाड़ दिया है।

दरअसल, भारतीय शेयर बाजार में लगातार जारी उठापटक का असर देश के रईस उद्योगपतियों की व्यक्तिगत संपत्ति पर भी पड़ा है। शेयर बाजार की इस हलचल के कारण अडाणी ग्रुप के गौतम अडाणी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से आगे तो निकल ही गए हैं, भारत के साथ ही एशिया के भी सबसे रईस कारोबारी बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स के आज जारी आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में गौतम अडाणी 88.5 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ 10वें स्थान पर आ गए हैं, जबकि मुकेश अंबानी 87.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में 11वें स्थान पर हैं।

आज से 11 दिन पहले भी मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में 87.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 11वें स्थान पर ही थे लेकिन तब गौतम अडाणी 85.2 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ रईस व्यक्तियों की सूची में 12वें स्थान पर थे। 28 जनवरी को मुकेश अंबानी के पास गौतम अडाणी की तुलना में 2.7 अरब डॉलर अधिक व्यक्तिगत संपत्ति थी। इन 11 दिनों में ही शेयर बाजार की मेहरबानी से गौतम अडाणी की संपत्ति 85.2 अरब डॉलर से बढ़कर 88.5 अरब डॉलर हो गई। यानी इन 11 दिनों में ही गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में 3.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हो गई, जबकि मुकेश अंबानी की संपत्ति पहले के स्तर पर ही बनी रहे।

ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक 2022 में मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में अभी तक 2.07 अरब डॉलर की कमी आई है, जबकि गौतम अडाणी की संपत्ति में करीब 12 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हो गई है। 2021 के आखिरी दिन 31 दिसंबर को मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति 89.97 अरब डॉलर थी, जो शेयर बाजार की हलचल के कारण अब घटकर 87.9 अरब डॉलर रह गई है। 31 दिसंबर, 2021 को गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 76.52 अरब डॉलर थी, जो बढ़कर अब 88.5 अरब डॉलर हो गई है

इसके पहले 14 जून, 2021 को भी गौतम अडाणी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी के काफी करीब पहुंच गए थे। 14 जून की सुबह तक गौतम अडाणी का नेटवर्थ 77 अरब डॉलर का था, जबकि मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति 80 अरब डॉलर थी। इस तरह गौतम अडाणी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी से सिर्फ 3 अरब डॉलर ही पीछे रह गए थे। उसके बाद शेयर बाजार की हलचल के कारण गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति अगले कुछ दिनों में घटकर 57 अरब डॉलर तक पहुंच गई जबकि मुकेश अंबानी की संपत्ति बढ़कर 100 अरब डॉलर के करीब तक पहुंच गई। शेयर बाजार की ही मेहरबानी से एक बार फिर गौतम अडाणी की संपत्ति में जोरदार इजाफा हुआ है। मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति पहले की तुलना में घट गई है।

ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स की सूची के मुताबिक भारत के ये दोनों कारोबारी भारत के साथ ही एशिया के भी सबसे रईस कारोबारियों की सूची में पहले और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। इस सूची के मुताबिक गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी के बाद अजीम प्रेमजी 33.8 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ दुनिया के रईस व्यक्तियों की सूची में 38वें स्थान पर, शिव नाडर 29 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 50वें स्थान पर, राधाकिशन दमानी 21.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 75वें स्थान पर और लक्ष्मी मित्तल 20.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 85वें स्थान पर बने हुए हैं। इस तरह दुनिया के टॉप 100 सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में फिलहाल भारत के सिर्फ 6 रईस ही अपना स्थान बना सके हैं।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: