State

उत्तराखंड में जी-20 के एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप मीटिंग होना सौभाग्य की बात : भट्ट

नरेंद्रनगर : उत्तराखंड के टिहरी जिला अंतर्गत नरेंद्र नगर में गुरुवार को जी-20 की दूसरी एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप मीटिंग के शुभारंभ के अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक संवाद के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि देवभूमि में द्वितीय एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप की बैठक का आयोजन होना सौभाग्य का विषय है।

श्री भट्ट ने कहा कि इस बैठक में वैश्विक स्तर पर भ्रष्टाचार नियंत्रण के प्रयासों पर विचार विमर्श एवं मंथन किया जाएगा, जो विश्व को भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई में मार्गदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई अकेले नहीं लड़ी जा सकती। भ्रष्टाचार अंतरराष्ट्रीय समस्या है, इसलिए इसके खात्मे के लिए समन्वित प्रयासों की जरूरत है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के दुष्प्रभाव भी व्यापक हैं, इसलिए भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई में संस्थागत फ्रेमवर्क मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) का उपयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में अर्जेंटीना में आयोजित जी-20 की बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नौ बिंदुओं पर चर्चा की गई थी। वर्तमान जी-20 तथा भविष्य में आयोजित होने वाले बैठक में भी इन बिंदुओं पर चर्चा को आगे बढ़ाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्र नगर में आयोजित जी-20 की एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान 20 सदस्य देशों, 10 आमंत्रित देशों और नौ अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के 90 से अधिक प्रतिनिधि एसीडब्ल्यूजी की पहली बैठक में चर्चा को आगे बढ़ाएंगे। इस अवसर पर कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय, भारत सरकार से संयुक्त सचिव रजत कुमार भी उपस्थित थे।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button