National

मतदाता सूची से लेकर टेक्नोलॉजी तक: 42 देशों ने भारत में मिलकर क्या तय किया?

नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय चुनाव सम्मेलन (IICDEM-2026) ‘दिल्ली घोषणा-2026’ के साथ संपन्न हुआ। इसमें 42 देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों ने मतदाता सूचियों की शुद्धता, चुनाव संचालन, प्रौद्योगिकी के उपयोग और क्षमता निर्माण पर मिलकर काम करने का संकल्प लिया। सम्मेलन में ईसीआईनेट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म, वैश्विक रिपोर्ट और प्रशिक्षण सहयोग पर भी सहमति बनी, जिससे अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक मानकों को और सुदृढ़ किया जाएगा।

नयी दिल्ली : चुनाव आयोग द्वारा लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन पर यहां आयोजित तीन दिवसीय अंतराष्ट्रीय सम्मेलन (आईआईसीडीईएम-2026) शुक्रवार को ‘ दिल्ली घोषणा -2026’ के साथ सम्पन्न हुआ , जिसमें 42 देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों ने अन्य बातों के अलावा मतदाता सूचियों की शुद्धता, चुनाव संचालन, प्रौद्योगिकी के उपयोग और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में मिल कर काम करने का संकल्प लिया है।भारत मंडपम में आयोजित इस सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके सहयोगी चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी, 42 देशों निर्वाचन प्रबंधन निकायों के प्रमुख, 70 से अधिक राष्ट्रीय संस्थानों के विशेषज्ञ, चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 36 मुख्य चुनाव अधिकारी उपस्थित थे।

समापन सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त श्री कुमार ने ‘ दिल्ली घोषणा 2026’ काे पढ़ा और सम्मेलन में शामिल सभी निर्वाचन प्रबंधन निकायों की ओर से इसे सर्वसम्मति से अपनाया गया। इस घोषणा पत्र में चुनाव निकायों ने पांच क्षेत्रों-निर्वाचक नामावलियों की शुद्धता, चुनावों का संचालन, अनुसंधान एवं प्रकाशन, प्रौद्योगिकी का उपयोग तथा प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण-पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया है।प्रतिभागियों ने अपनी प्रगति की समय-समय पर समीक्षा करने तथा 3, 4 और 5 दिसंबर 2026 को भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम), नई दिल्ली में पुनः बैठक करने का प्रस्ताव भी पारित किया।

चुनाव आयोग की एक विज्ञप्ति के अनुसार उपस्थित सभी चुनाव प्रबंधन निकायों ने विश्व के लोकतंत्रों पर सह-संकलित लोकतंत्र विश्वकोश प्रकाशित करने, सात विषयों पर व्यापक रिपोर्ट तथा 36 विषयों पर रिपोर्ट तैयार करने पर का निर्णय लिया है। इनमें सात विषयों पर व्यापक रिपोर्ट तैयार किये जाने का काम वैश्विक अंतर-सरकारी संस्था इंटरनेशनल आईडीईए के नेतृत्व में तथा 36 अन्य विषयों पर रिपोर्ट बनाने के काम का नेतृत्व आईआईआईडीईएम कर रहा है।सम्मेलन में चुनाव आयोग के एकीकृत डिजिटल मंच ईसीआईनेट जैसी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के सह-विकास, और आईआईआईडीईएम के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रियाओं के प्रशिक्षण एवं आदान-प्रदान का भी संकल्प लिया, ताकि चुनाव संचालन एवं निर्वाचक नामावली की तैयारी में व्यावसायिकता को बढ़ावा दिया जा सके।

श्री कुमार ने कहा कि इस सम्मेलन ने अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन मानकों पर महत्वपूर्ण संवाद को प्रोत्साहित किया है। सम्मेलन के दौरान आयोजित 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन बैठकों से आपसी सहयोग, सामूहिक प्राथमिकताओं और दृष्टिकोणों की समझ का विस्तार हुआ है।चुनाव आयुक्त डॉ. संधू ने कहा कि पारस्परिक सम्मान, खुलेपन और एक-दूसरे से सीखने की इच्छा वैश्विक निर्वाचन समुदाय की परिपक्वता और व्यावसायिकता को दर्शाती है। चुनाव आयुक्त डॉ. जोशी ने कहा कि ईसीआईनेट का शुभारंभ भारतीय तकनीकी प्रगति का प्रतीक है और यह इस बात को रेखांकित करता है कि चुनाव आयोग प्रौद्योगिकी को इस प्रकार अपनाता है जिससे वह विश्वास को सुदृढ़ करे, न कि उसका स्थान ले।यह सम्मेलन अपने प्रकार का पहला और सबसे बड़ा आयोजन था।

बुधवार को भारत मंडपम में इसे भव्य उद्घाटन समारोह में 42 चुनाव प्रबंधन निकायों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और 27 देशों के मिशन प्रमुखों सहित लगभग 1,000 प्रतिभागियों ने भाग लिया।इन चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुखों और उनके प्रतिनिधियों की पहले दिन की पूर्ण बैठक में प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों तथा राजदूतों और उच्चायुक्तों ने लोकतंत्र और निर्वाचन प्रबंधन पर उच्च-स्तरीय विचार-विमर्श किया। दूसरे दिन निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट का शुभारंभ किया गया।सम्मेलन के दौरान भारत के सभी राज्यों केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारियों के नेतृत्व में गठित 36 विषयगत समूहों ने, प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के सहयोग से, वैश्विक निर्वाचन विषयों, अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन मानकों तथा निर्वाचन प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों पर गहन विचार-विमर्श किया। (वार्ता)

गरीब कल्याण की नई क्रांति, पीएम मोदी ने लॉन्च किया पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button