UP Live

खून से लिखी दोस्ती: देवरिया के चार युवाओं ने एक साथ रक्तदान कर बचाई जीवन की उम्मीद

देवरिया में चार युवाओं ने दोस्ती का फर्ज निभाते हुए एक साथ रक्तदान किया। शुभम मद्धेशिया की माताजी के उपचार हेतु मित्रों ने जिला ब्लड बैंक में रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। इस सराहनीय कार्य की समाज में व्यापक प्रशंसा हो रही है और युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरणा मिल रही है।

  • दोस्त की मां के लिए आगे आए युवा, मानवता और मित्रता की पेश की मिसाल

भलुअनी, देवरिया। कहते हैं सच्ची दोस्ती वही होती है, जो मुश्किल समय में अपनेपन की पहचान कराए। देवरिया में चार युवाओं ने ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर यह साबित कर दिया कि दोस्ती केवल शब्दों में नहीं, बल्कि ज़रूरत के समय निभाई गई जिम्मेदारी में दिखाई देती है।

निफा देवरिया एवं स्वच्छ भलुअनी-स्वस्थ भलुअनी यूथ ब्रिगेड के सक्रिय रक्तवीर सदस्य तथा मध्यदेशीय वैश्य महासभा के युवा कोषाध्यक्ष, देवरिया निवासी शुभम मद्धेशिया की माताजी के उपचार के लिए यूथ ब्रिगेड से जुड़े उनके चार मित्रों ने एक साथ महर्षि देवरहा बाबा जिला ब्लड बैंक, देवरिया में रक्तदान किया।

रक्तदान करने वालों में मध्यदेशीय वैश्य महासभा के युवा जिला महामंत्री मनीष मद्धेशिया ने अपना तीसरा रक्तदान किया, शुभम मद्धेशिया ने भी तीसरी बार रक्तदान किया, नियाज़ अंसारी ने तीसरा तथा पंकज ने जीवन का पहला रक्तदान कर मानवीय कर्तव्य निभाया।

यह दृश्य केवल रक्तदान का नहीं, बल्कि भावनाओं, विश्वास और निस्वार्थ मित्रता का था। जब आज के समय में कई बार अपने ही लोग पीछे हट जाते हैं, तब इन युवाओं ने आगे बढ़कर यह दिखा दिया कि दोस्ती खून के रिश्तों से भी बड़ी हो सकती है। उनके इस कदम से न सिर्फ एक परिवार को संबल मिला, बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक संदेश मिला।

यूथ ब्रिगेड के संस्थापक एवं मध्यदेशीय वैश्य महासभा रक्तदान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय युवा संयोजक सन्तोष मद्धेशिया वैश्य ने चारों युवाओं की खुले दिल से सराहना करते हुए कहा कि आज इन रक्तवीरों ने दोस्ती की असली परिभाषा गढ़ी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि यह किसी को नया जीवन देता है। युवाओं को इनसे प्रेरणा लेकर अपने परिजनों, मित्रों और ज़रूरतमंदों के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने जानकारी दी कि संस्था द्वारा यह कुल 841वां रक्तदान है, जबकि इससे पहले 837 यूनिट रक्तदान किया जा चुका है। यह आंकड़ा केवल संख्या नहीं, बल्कि सैकड़ों जिंदगियों में दौड़ती उम्मीद का प्रतीक है।

इस अवसर पर युवा जिलाध्यक्ष बिट्टू मद्धेशिया, डॉ. तेजभान, सुबोधचंद पाण्डेय, शरद तिवारी, धूपेंद्र राव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया।

रक्तदान का महत्व

रक्तदान न केवल किसी मरीज की जान बचाता है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है। एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों के काम आ सकता है। नियमित रक्तदान करने से स्वयं दाता का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है और किसी जरूरतमंद को जीवन की नई सांस मिलती है।

देवरिया के इन चार युवाओं ने यह साबित कर दिया कि जब दिल में सेवा का भाव और हाथों में संकल्प हो, तो इंसान समाज के लिए मिसाल बन जाता है। उनका यह कार्य निश्चय ही आने वाली पीढ़ी को मानवता और दोस्ती के सही मायने सिखाएगा।

राम विवाह प्रसंग से गूंजा कथा पांडाल, श्रद्धा और जयकारों में डूबा भलुअनी

अब यूपी बनेगा ग्लोबल बिज़नेस हब! योगी सरकार लाई MSMEs के लिए नई MICE योजना

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button