
कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय का शस्त्र लाइसेंस हुआ रद्द, चेतगंज थाने की रिपोर्ट पर डीएम ने की कार्रवाई
वाराणसी । वाराणसी से पीएम के खिलाफ चुनाव लड़ चुके कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय के नाम जारी शस्त्र लाइसेंस को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने निरस्त कर दिया है। उक्त कार्रवाई चेतगंज पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पूर्व विधायक अजय राय पर अलग-अलग थानों में कुल 26 मुकदमे पंजीकृत बताये गये हैं।
बता दें कि जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के आदेश के बाद बीते साल सभी लाइसेंस का सत्यापन कराया जा रहा था। साथ ही जिन लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, डीएम ने उनकी रिपोर्ट भी मांगी थी। इस समीक्षा के कारण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक अजय राय पर भी कार्रवाई करते हुए उनके पिस्टल का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। उधर चेतगंज इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि अजय राय पर विभिन्न मामलों में 26 मुकदमे पंजीकृत होने की रिपोर्ट भेजी गई थी।
बदले की राजनीति के तहत हुई कार्रवाई- अजय राय
वाराणसी। शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के बाद पूर्व विधायक अजय राय ने आज बयान जारी कर कहा की गरीब,मजलूम,व समाज मे खड़े अंतिम व्यक्ति के लिए आवाज उठाते सरकार के खिलाफ सँघर्ष करते हुए मेरे ऊपर अनेको राजनैतिक मुकदमे लगे। मुझे जेल भी भेजा गया लेकिन मैं इस सरकार से डरा नही और कभी भी मैदान छोड़कर हटा नही। मैं जनहित में लड़ाई लड़ता रहा हूं और आजीवन जनता की लड़ाई लड़ूंगा। सरकार में बैठे लोग बदले की राजनीति करते हुए प्रशासन का दुरुपयोग कर मेरे शस्त्र के लाइसेंस को निरस्त करवाया है। हम इस सरकार व प्रशासन को आगाह करते है की बदले नही बदलाव की भावना से कार्य करिये। अजय राय का कारवा जनता की दुवाओं से चलता है। जनता की लड़ाई लड़ते हुए 26 नही सैकड़ों मुकदमा भी अगर लगेगा तो भी मैं पीछे नही हटूँगा। जनता की लड़ाई लड़ता रहूँगा। इस प्रकरण से मुझे कोई फर्क पड़ने वाला नही है।



