
अधिवक्ता कल्याण निधि में पूर्व प्रमुख ने दिए 11 हजार रुपये का अंशदान
दुद्धी बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण में की घोषणा, अन्य लोगों से भी की अपील
दुद्धी, सोनभद्र- पूर्व ब्लाक प्रमुख एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉक्टर लवकुश प्रजापति ने अधिवक्ता कल्याण निधि में 11 हजार रुपये का सहयोग प्रदान करने की घोषणा की।वे दुद्धी बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।उन्होंने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि अधिवक्ता संगठन एक श्रेष्ठ बुद्धिजीवी वर्ग है।अधिवक्ताओं से वादकारियों के अलावा समाज के अन्य वर्गों की अपेक्षाएं जुड़ी रहती हैं।
खासकर यहां का अधिवक्ता संगठन जनहित से जुड़े हर जायज मांगों को लेकर संघर्षरत रहता है।जो कहीं और देखने को नही मिलती।इसलिए अधिवक्ता कल्याण निधि का मजबूत होना आवश्यक है।इसके लिए समाज के सक्षम लोगों समेत व्यापारिक एवं अन्य संगठनों को बढ़ चढ़कर आगे आने व सहयोग देने की जरूरत है।आज हमने एक छोटे से अंशदान कर रूप में 11 हजार रुपये की राशि अधिवक्ता कल्याण निधि में भेंट किया है।उम्मीद है कि यह एक सुंदर परम्परा के रूप में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने दुद्धी को जिला बनाने के मुद्दे पर कहा कि संघर्ष मोर्चा को इस आंदोलन में पूरे क्षेत्र का समर्थन प्राप्त है।आंदोलन के साथ साथ विधायक श्री चेरो के नेतृत्व में सूबे की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव समेत अन्य शीर्ष अधिकारियों से मिलने का कार्यक्रम बनाना होगा।उन्होंने क्षेत्रहित की इस लड़ाई में तन मन धन से सहयोग देने का आश्वासन दिया।इस मौके पर विधायक हरीराम चेरो ,एसडीएम रमेश कुमार, चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, सोनभद्र व डिस्ट्रिक्ट बार के अध्यक्ष,दुद्धी व सिविल बार के अध्यक्ष समेत सैकड़ो विशिष्ट जन व अधिवक्ता मौजूद रहे।




