CrimeState

पांच जवान शहीद, आतंकियों ने पहले ग्रेनेड फेंका फिर बरसाईं गोलियां

राजनाथ ने कठुआ आतंकवादी हमले में जवानों के शहीद होने पर दुख व्यक्त किया

नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सेना के गश्ती दल पर आतंकियों की तरफ से घात लगाकर किए गए हमले में जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) समेत पांच सैन्यकर्मी बलिदान हो गए। पांच गंभीर रूप से घायल हैं। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। देर रात तक ऑपरेशन जारी रहा। पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के मुखौटा संगठन कश्मीर टाइगर्स ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

घटना सोमवार दोपहर बाद लगभग साढ़े तीन बजे हुई, जब बिलावर उपजिले में बदनोता के बरनूड इलाके में जेंडा नाले के पास सेना के 22 गढ़वाल राइफल्स के वाहन पर आतंकियों ने हमला किया। सेना का यह वाहन इलाके में गश्त पर था। वाहन में दस जवान सवार थे। आतंकियों ने पहले ग्रेनेड फेंका। इसके बाद अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। दहशतगर्दों की ओर से स्टील बुलेट के इस्तेमाल का शक है।सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की। हमले के बाद आतंकी घने जंगल में भाग निकले। बताया जा रहा है, आतंकी ऊंचाई वाले इलाके में थे। जब तक जवान संभलते, तब तक उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। उधर, सेना के ऑपरेशन में पैरा कमांडो भी शामिल कर लिए गए हैं। उन्हें एयरलिफ्ट कर हमले वाले इलाके में ले जाया गया है।

पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली और सेना बड़ा ऑपरेशन चलाकर आतंकियों के सफाये की तैयारी में है। हालांकि, शाम को भारी बारिश व धुंध का दौर शुरू हो गया था। घायल जवानों को पीएचसी बदनोता में प्राथमिक उपचार के बाद पठानकोट के सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया है। बिलावर से बदनोता मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। (वीएनएस )

राजनाथ ने कठुआ आतंकवादी हमले में जवानों के शहीद होने पर दुख व्यक्त किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में सोमवार को एक आतंकवादी हमले में पांच सैनिकों के शहीद होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।रक्षा सचिव गिरधर अरमाने ने भी आतंकवादी हमले में जवानों के शहीद होने पर शोक व्यक्त किया है।श्री सिंह ने हमले के एक दिन बाद मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक पर अपने एक पोस्ट में कहा, “ बदनोटा, कठुआ (जम्मू-कश्मीर) में एक आतंकवादी हमले में हमारे पांच बहादुर भारतीय सैनिकों की मौत से मुझे गहरा दुख हुआ है।

शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, इस कठिन समय में राष्ट्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है। आतंकवाद विरोधी अभियान चल रहे हैं और हमारे सैनिक क्षेत्र में शांति और व्यवस्था कायम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।मैं इस कायरतापूर्ण आतंकी हमले में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।“श्री अरमाने ने अपने संदेश में कहा कि वह इस आतंकवादी हमले में जवानों की जान जाने से दुखी हैंऔर शोक संतन परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति जवानों की निस्वार्थ सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा और उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।उल्लेखनीय है कि आतंकवादियों के घात लगाकर किए गए इस हमले में पांच जवान शहीद हो गए और पांच अन्य घायल हो गए।

खडगे-राहुल ने आतंकी हमले में जवानों की शहादत पर जताया शोक

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर में आतंकवादी हमले में चार जवानों के शहीद होने पर गहरा अशोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।श्री खडगे ने कहा “जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकी हमले में हमारी सेना के 4 बहादुर जवानों की शहादत पर गहरा दुख हुआ। छह जवान घायल भी हैं। सेना पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।

”कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा “जम्मू-कश्मीर में एक महीने में यह पांचवां आतंकी हमला है। जवानों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना।हम अपने बहादुर जवानों के साहस और वीरता को सलाम करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायल जव्सनो के साथ हैं और हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”उन्होंने इस हमले को लेकर सरकार को कटघरे में खड़े करते हुए कहा “जम्मू- कश्मीर की सुरक्षा स्थिति लगातार गिर रही है। किसी भी तरह की लीपापोती, फर्जी दावे, डींगें हांकना और छाती पीटना इस वास्तविकता को नहीं मिटा सकता कि मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकट बनी हुई है। जब पीआर एक उद्देश्य बन जाता है, तो शासन तंत्र के माध्यम से सुरक्षा खुफिया जानकारी एकत्र करना एक दुर्घटना बन जाता है। आतंकवाद के खिलाफ देश के साथ खड़े रहने का हमारा संकल्प दृढ़ है।

”श्री गांधी ने कहा “जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सेना के वाहन पर हुए आतंकी हमले का समाचार अत्यंत दुखद है। मातृ भूमि के लिए अपना सर्वोच्च न्योछावर करने वाले शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायल जवानों के शीघ्र से शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”उन्होंने कहा “हमारी सेना पर ये कायरतापूर्ण हमले अत्यधिक निंदनीय हैं। एक महीने के अंदर पांचवा आतंकी हमला देश की सुरक्षा और हमारे जवानों के जीवन पर भयंकर आघात है। लगातार हो रहे आतंकी हमलों का हल कठोर कार्रवाई से होगा, न कि खोखले भाषणों और झूठे वादों से। इस दुख की घड़ी में हम मजबूती से देश के साथ खड़े हैं।”(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button