Breaking News

अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 से पहली मौत

ईटानगर । अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमित 43 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और दो लोगों में इस वायरस से संक्रमण की पुष्टि हुयी जिसके बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 160 तक पहुंच गये । अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पश्चिमी कामेंग जिले की रहने वाली वह महिला 11 जून को दिल्ली से लौटी थी। वह किडनी की बीमारी से ग्रस्त थी। उसे दीरांग में एक संस्थागत पृथक-वास केंद्र में रखा गया था। हालत बिगड़ने पर उसकी कोविड-19 की जांच की गई और 23 जून को संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

अधिकारियों ने बताया कि उसे नहरलागुं स्थित तोमो रिबा चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्थानांतरित कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही शेरगांव के पास उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दीरांग प्रशासन द्वारा केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए उसका अंतिम संस्कार किया गया।

सामने आए दो नए मामलों में से एक कैपिटल कॉम्प्लेक्स का है जबकि दूसरा मामला लॉंगडिंग का है जिसके बाद कुल मामलों की संख्या 160 तक पहुंच गई है। कुल 160 मामलों में से 121 मरीजों का अब भी इलाज चल रहा है जबकि 38 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और एक महिला की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने कहा कि चांगलांग जिले में कोविड-19 के सर्वाधिक 60 मामले पाए गए हैं जिसके बाद कैपिटल कॉम्पलेक्स में 30 मामले आए हैं।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button