
फंदे से लटकती मिली नवविवाहिता की लाश, आत्महत्या की आशंका
दहेज हत्या का मायके वालों द्वारा आरोप- ससुराल के 9 सदस्य बने मुल्जिम
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के हसियां गांव में शुक्रवार की सुबह 22 वर्षीय एक नवविवाहिता की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकती मिली। सूचना मायके वाले को लगी तो परिजनों में कोहराम मच गया। विवाहिता के घर वाले इसे आत्महत्या करार दे रहे हैं वहीं मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हसियां निवासी अजय कुमार की शादी दो वर्ष पूर्व मछलीशहर थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी अभयराज की पुत्री सपना देवी (उम्र 22 वर्ष) से हुई थी।
सूचना पर पहुँचे दर्जनों लोगों के साथ मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न करने पर ससुरालियों पर मारने पीटने के साथ ही हत्या करने का आरोप लगा कर शव नहीं ले जाने की बात कहने लगे। घटना के करीब 2 घण्टे बाद सीओ मछलीशहर विजय सिंह भी मौके पर घटना की जानकारी ली। मृतका के पिता अभयराज व माँ कांति देवी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न करने पर ससुराल वाले आए दिन विवाद करते थे। घटना के 8 घण्टे बाद नायब तहसीलदार के पहुंचने के बाद मायके वालों ने पंचनामा करने के लिए शव को पुलिस के सुपुर्द किया। मृतका का पति अजय कुमार अपनी रोजी रोटी के लिए बड़ोदरा में काम करता है। इंस्पेक्टर श्यामदास वर्मा ने बताया कि मृतका के पिता के तहरीर के आधार पर 9 लोगों के ख़िलाफ़ धारा 498ए, 304बी आईपीसी 3/4डीपी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।



