Crime

शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,कमरे में मिला खून से लथपथ शव, हत्या की आशंका

वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित बादशाह बाग कॉलोनी में उर्दू मदरसा के शिक्षक दानिश रजा का शव संदिग्ध हालात में मिला। कमरे में खून के धब्बे और चोट के निशानों से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी है।

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के बादशाह बाग कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब फरोग उर्दू मदरसा में कार्यरत शिक्षक दानिश रजा (40) का शव उनके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जबकि कमरे में खून के धब्बे और बिखरी हुई वस्तुएं यह संकेत दे रही हैं कि उनकी मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि किसी हिंसक घटना का परिणाम हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, दानिश रजा अपने परिवार के साथ मकान के निचले हिस्से में रहते थे, जबकि उनके अन्य परिजन उसी मकान की ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के बाकी सदस्य सो रहे थे और उन्हें किसी तरह की आहट या आवाज़ सुनाई नहीं दी। सुबह जब दानिश के कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिवार के लोगों ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए – दानिश रजा का शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था।

सूचना पर सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शरीर पर मिले चोटों के निशान और कमरे में बिखरे खून के कारण हत्या की आशंका प्रबल है।दानिश रजा चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका एक बड़ा भाई छत्तीसगढ़ में डॉक्टर है और वहीं अपने परिवार के साथ रहता है। मृतक लंबे समय से बादशाह बाग स्थित फरोग उर्दू मदरसा में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और स्थानीय समुदाय में शांत स्वभाव के रूप में जाने जाते थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिगरा थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना से दहशत का माहौल है। इलाके के लोगों का कहना है कि दानिश रजा किसी विवाद में नहीं थे, इसलिए उनकी मौत ने सबको हैरान कर दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे कोई व्यक्तिगत रंजिश, लूट या अन्य कारण तो नहीं है।

नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री

“पंकज त्रिपाठी : गाँव की मिट्टी से बॉलीवुड और OTT के सितारे तक का सफ़र”

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button